भाजपा के 21 बागी मैदान में और वह आधी लड़ाई हार चुकी
हिमाचल आजकल
शिमला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व हिमाचल के प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस का सत्ता में आना तय है और यहां पर दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह बात अब भाजपा नेता भी समझ गए हैं कि वह सत्ता से जा रहे हैं और इसी कारण अनाप-शनाप बयानबाजी करने लगे हैं। यही नहीं, भाजपा के देशभर के नेता यहां आकर लोगों को भ्रमित करने के प्रयास में है, लेकिन हिमाचल की जनता समझदार है और वह इनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
राजीव शुक्ला ने आज यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि हिमाचल में भाजपा के 21 उम्मीदवार बागी हैं और वह आधा चुनाव हार चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में गुटबाजी चरम पर है और इसी का नतीजा है कि उनके इतने बागी चुनाव में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार दिखती देख अब भाजपा नेता फर्जी प्रोपेगेंडा चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की फर्जी चुनावी ट्रिक्स का खेल यहां चलने वाला नहीं है।
शुक्ला ने राज्य सरकार के उन अफसरों से आग्रह किया कि वे पूरी निष्पक्षता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि कई अधिकारी ऐसा नहीं कर रहे और कांग्रेस के सत्ता में आने पर ऐसे अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया है कि हिमाचल में दो-तिहाई बहुमत के साथ कांग्रेस सत्ता में आएगी।
राजीव शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के कर्मचारियों को गारंटी दी है कि वह यहां सरकार बनने पर पहली बैठक में ओपीएस लागू करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अब इस मामले पर कर्मचारियों को गुमराह करने में की कोशिश में लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब यह समझ आने लगा है कि ओपीएस का मुद्दा कितना अहम है और भाजपा में घबराहट है कि यह मुद्दा लोगों में निचले स्तर तक पहुंच गया है। लेकिन इसके बावजूद अभी भी वह कर्मचारियों को गुमराह ही कर रहे हैं। हकीकत यह है कि भाजपा ने ओपीएस को लागू ही नहीं करना है। यदि भाजपा की नीयत साफ होती और इस मामले पर गंभीर होती तो कैबिनेट में फैसला लेकर इसे लागू करती, लेकिन वह केवल मात्र भ्रामक प्रचार कर कर्मचारियों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस ने जो कहा, वह किया – शुक्ला
राजीव शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस ने जनता से जो-जो वादे किए हैं और जो गारंटियां दी हैं, उन्हें हर साल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां सरकार बनने पर पहली कैबिनेट में जहां ओपीएस बहाल होगी, वहीं, एक लाख नौकरियां देने का भी फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार ने 70 हजार करोड़ के कर्ज माफ किए थे। इसके अलावा राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पहली कैबिनेट में किसानों की कर्ज माफी का फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी कहा है कि हिमाचल में सरकार बनने पर पहली बैठक में गारंटियों को लागू करने का फैसला लिया जाएगा।


| All Rights Reserved | Website By :