शिक्षा मंत्री ने कठासु में रखी सामुदायिक भवन की आधारशिला, 28 लाख होंगे खर्च
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि 20 करोड़ रुपए की राशि से कठासु-सावड़ा सडक़ का सुधारीकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त खड़ा पत्थर क्षेत्र को पर्यटन के लिए विकसित किया जाएगा ताकि स्थानीय युवाओं को घर द्वार पर स्वरोजगार के साधन उपलब्ध हो सकें।
रोहित ठाकुर ने रविवार को जुब्बल उपमंडल के कठासु गांव में 28 लाख रुपए से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी और इसके बाद युवक मंडल कठासु द्वारा आयोजित वॉलीबाल टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

उन्होंने कहा कि वॉलीबाल हमारे राज्य का खेल है और इसे बढ़ावा देने के लिए वर्तमान राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जाएंगे और खंड स्तर पर ग्रामीण प्रतिभाआें को उचित मंच प्रदान किया जाएगा ताकि युवा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने लघु एवं सीमांत बागवानों के हितों के लिए 24 किलो यूनिवर्सल कार्टन अनिवार्य किया है जिससे किसानों की आर्थिकी मजबत होगी।
इससे पहले स्थानीय प्रधान गीता देवी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याआें से उन्हें अवगत करवाया।
रोहित ठाकुर ने महासू देवता मंदिर में शीश नवाया और युवक मंडल कथासु को 5 हजार रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरता, पार्टी के पदाधिकारी , अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


| All Rights Reserved | Website By :