Saturday, November 7, 2026

जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में सड़कों व भवनों के निर्माण पर 850 करोड़ किए जा रहे खर्च : रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री शूराचली उत्सव-2026 के समापन समारोह में हुए शामिल

हिमाचल आजकल

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांदल में शूराचली पर्यावरण एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा स्वर्गीय दिनेश ठाकुर की स्मृति में आयोजित शूराचली उत्सव-2026 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने कबड्डी, वॉलीबॉल व रस्सा कस्सी प्रतियोगिताओं के समापन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई दी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि शूराचली क्षेत्र का खेलों से पुराना नाता रहा है और इस समृद्ध खेल परंपरा को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उत्सव के सफल आयोजन के लिए समिति के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 850 करोड़ रुपये के विकास कार्य जारी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़कों एवं भवनों के निर्माण पर लगभग 850 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के पिछले चार वर्षों के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में 206 सड़कों की पासिंग की गई है, जिनमें से लगभग 66 सड़कें शूराचली क्षेत्र की हैं। यह सड़कें क्षेत्र की आर्थिकी एवं बागवानी गतिविधियों को सुदृढ़ करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने भवन निर्माण से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया है। पिछले चार वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में 30 भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है, जबकि आगामी समय में 20 अन्य भवनों के निर्माण कार्य भी पूरे किए जाएंगे।

शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा विधानसभा क्षेत्र
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में ग्रामीण क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय कोटखाई की स्वीकृति मिली है, जिसके भवन का निर्माण लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जुब्बल स्थित खेल छात्रावास में पहले केवल वॉलीबॉल खेल का प्रशिक्षण देने की सुविधा उपलब्ध थी, जिसे अब बढ़ाकर आठ खेलों तक विस्तारित किया गया है। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं और यहां से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 70 वर्षों में प्रदेश में खेल छात्रावासों की संख्या आठ थी, जबकि वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इन छात्रावासों में प्रदेशभर के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। खेलों को प्रोत्साहन देने के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं तथा 300 से अधिक युवाओं को खेल कोटे के माध्यम से रोजगार प्राप्त हुआ है।

खनाशणी किंग एवं रावीं रैपटर्स ने जीते खिताब
शूराचली उत्सव-2026 के दौरान कबड्डी, वॉलीबॉल एवं महिला रस्साकशी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में चार टीमों तथा वॉलीबॉल प्रतियोगिता में छह टीमों ने भाग लिया।
कबड्डी प्रतियोगिता में खनाशणी किंग ने विजेता तथा थाना नेक्सस ने उपविजेता का खिताब हासिल किया। वहीं, वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला भोलाड ब्लास्टर एवं रावीं रैपटर्स के बीच खेला गया, जिसमें रावीं रैपटर्स की टीम विजेता रही। शूराचली उत्सव-2026 में महिला रस्साकस्सी का भी आयोजन किया गया।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles