देश को भ्रष्टाचार नहीं भ्रष्टाचार खिलाफ जीरो टलरेंस वाली सरकार चाहिए
हिमाचल आजकल
शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की सभी गारंटियां पूरी तरह झूठ हैं। आज से करीब 11 महीने पहले हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव हुए थे जिसमें कांग्रेस ने राजस्थान की तरह ही गारंटियां दी थी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शिमला में प्रेसवार्ता करके कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी जो वादा करते हैं उसे पूरा करते हैं। एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। अब वही नेता, उसी तरह के वादे करके फिर से पांच प्रदेश के लोगों को ठगने निकले हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार बनने से पहले कांग्रेस ने 10 गारंटियां दी थी जिसमें कहा गया था कि प्रदेश की 18 साल से 70 साल उम्र की 22 लाख महिलाएं हैं उनके लिए कैबिनेट की पहली ही बैठक में निर्णय लिया जाएगा कि उनके खाते में 1500 रुपए प्रत्येक महीने डाले जाएंगे। लगभग एक साल चुके लेकिन अभी तक किसी महिला के खाते में एक रूपया भी नहीं आया। इसके अलावा कांग्रेस ने गारंटी दी थी कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी, लेकिन मुफ्त बिजली देना तो दूर कांग्रेस सरकार ने वहां बिजली की दरें बढ़ा दी। दूसरी आेर भाजपा ने बिना गारंटी के भी वहां काम किया और जो पहले से ही 125 यूनिट बिजली मुफ्त मिलती थी वह चालू रखी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और हिमाचल चुनाव के प्रभारी भूपेश बघेल ने चुनाव के दौरान वादा किया था कि गाय का गोबर 2 रूपये किलो में खरीदा जाएगा, लेकिन वह भी पूरी तरह झूठा निकला। जबकि छत्तीसगढ़ का गोबर घोटाला लोगों को ध्यान जरूर है। बघेल ने कहा था कि हिमाचल में बागवानी बड़े स्तर पर की जाती है, कांग्रेस सत्ता में आई तो यहां की फसलों का रेट किसान खुद तय करेगा, हिमाचल में सेब का 5000 करोड़ का व्यापार होता है यहां के लोग झांसे में आ गए जबकि धरातल पर हालात बेहद खराब हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि आप अगर गूगल पर 508 टाईप करेंगे तो छत्तीसगढ़ का 508 करोड़ का महादेव एेप घोटाला सामने आता है और भूपेश बघेल की फोटो सामने आती है। भूपेश बघेल ने हिमाचल में जाकर झूठे वादे किये अब वहां की जनता उन्हे तलाश कर रही है। इसके अलावा कांग्रेस ने वादा किया था कि हमारी सरकार बनते ही कैबिनेट की पहली बैठक में यह प्रस्ताव पारित होगा कि गाय का दूध 80 रूपये किलो और भैंस का दूध 100 रूपये किलो सरकारी रेट पर खरीदा जाएगा, जबकि हिमाचल में दूध के दाम पहले से कम होकर 30-32 रूपये किलो हो गए हैं। रोजगार का वादा भी पूरी तरह फेल रहा और आेपीएस चालू करने के बड़े-बड़े दावे किए गए लेकिन 12 महिने होने के बाद भी वहां कोई आेपीएस का लाभार्थी नहीं मिलता।


| All Rights Reserved | Website By :