Monday, January 12, 2026

मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश लैंड कोड के नवीन संस्करण का अनावरण किया

हिमाचल आजकल
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को हिमाचल प्रदेश लैंड कोड के नवीन संस्करण का अनावरण किया। इसमें राजस्व व अन्य विभागों के भूमि से संबंधित मामलों के कानूनों का संकलन किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश लैंड कोड का पहला संस्करण 1992 में प्रकाशित किया गया था और 1992 के बाद से इसे संशोधित नहीं किया गया था। इससे पहले भी भूमि से संबंधित अनेक कानूनों को संशोधित कर कई दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस लैंड कोड में राजस्व व अन्य विभागों से संबंधित कुल 64 अधिनियम, 59 नियम और करीब 340 अधिसूचनाएं व दिशा निर्देशों को संकलित किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक उपायुक्त, एसडीएम व तहसील कार्यालयों में यह लैंड कोड उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि विभागीय अधिकारियों को विभिन्न अधिनयम, नियम, अधिसूचनाआें व दिशा-निर्देशों की अद्यतन जानकारी सुगमता से मिल सके। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने पहले ही बजट में राजस्व विभाग में नए लैंड कोड संकलित करने का आश्वासन दिया था और अब इसे प्रकाशित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अक्तूबर, 2023 से अब तक राजस्व लोक अदालतों के माध्यम से रिकार्ड 89091 इंतकाल और 6029 तकसीम के लंबित मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया है।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, विधायक रवि ठाकुर, हरीश जनारथा व अजय सोलंकी, प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, अतिरिक्त मुख्य सचिव आेंकार चन्द शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles