महिला कांग्रेस 29 जुलाई को दिल्ली में करेगी बड़ा आंदोलन
हिमाचल आजकल
शिमला। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने केंद्र की भाजपा नेतृत्व सरकार पर आरोप लगाया है कि वह संसद और विधानसभा में 33 फीसदी महिला आरक्षण को लागू करने पर अब टालमटोल कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि महिला आरक्षण कानून जल्द लागू किया जाए। इसमें ओबीसी ,पिछड़ा वर्ग को भी शामिल किया जाना चाहिए। यह बात उन्होंने शुक्रवार को शिमला में मीडिया से कही। जैनब चंदेल ने कहा कि कांग्रेस व विपक्षी दलों के दवाब में भाजपा ने देश में उस समय चुनावों को देखते हुए इसका लाभ लेने के लिए बिल पास तो कर दिया लेकिन अब उसे लागू करने के लिए कोई भी गंभीर प्रयास नही किया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में इसे लागू किया जाए।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि 29 जुलाई को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के आह्वान पर प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकताएं दिल्ली के जंतरमंतर में केंद्र सरकार के खिलाफ एक बड़े धरना प्रदर्शन में भाग लेंगी।उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस महिला आरक्षण, बढ़ती महंगाई व महिलाओं को सुरक्षा व उनके अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाओं को संसद व विधानसभा में उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा तब तक इनके साथ न्याय नहीं होगा। उन्होंने कहा कि नीति निर्धारण में महिलाआें की उचित भागेदारी बहुत ही आवश्यक है।
जैनब चंदेल ने केंद्र सरकार से महालक्ष्मी योजना के तहत गरीब महिलाओं के खाते में हर साल एक लाख एकमुश्त या हर माह 8500 रुपए इनके खाते में डालने की मांग की है। ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों के समय महिलाओं को वोट बैंक अपनी आेर आकर्षित करने के लिए लोक लुभावन नारे देती है और चुनावों के बाद भूल जाती हैं।
संसद व विधानसभा में महिलाओं को मिले 33 फीसदी आरक्षण : जैनब चंदेल
Get in Touch


| All Rights Reserved | Website By :