3 करोड़ से बनी इन सडक़ों को जल्द किया जाएगा पक्का : विक्रमादित्य सिंह
हिमाचल आजकल
शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बसंतपुर विकासखंड के तहत ग्राम पंचायत करयाली के करीब 3 करोड़ रूपए से बने 3 संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन तीन सडक़ों का लोकार्पण किया गया है जोकि इस क्षेत्र के लोगों के लिए बहुत बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि शाडा से नलाह संपर्क मार्ग का निर्माण 1 करोड़ 12 लाख, शाडा से नदोहत संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य 1 करोड़ 42 लाख व करयाली से मटेवग संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य 32 लाख रुपए से पूरा किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त गांव खूण के संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिस पर करीब 13 लाख रुपए खर्च किए जा रहे है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि इन सडक़ों को विधायक प्राथमिकता के तहत जल्द ही पक्का किया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोगों को इन सडक़ों का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत करयाली में विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए लगभग 11 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की जा चुकी है, जिसमें नवयुवक मंडल, महिला मंडल रास्ते व एम्बुलेंस सडक़ का निर्माण किया जा रहा है।
25 करोड़ की पेयजल योजना का जल्द होगा लोकार्पण

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि तहसील सुन्नी के तहत पंदोआ खड्ड से काली बागड़ी पेयजल योजना का जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना का करीब 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है तथा मार्च माह के अंत तक निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। योजना पर लगभग 25 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है। योजना से सराज क्षेत्र की सभी पंचायतों को पेयजल समस्या से निजात मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 22 केवी की एचटी लाइन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है जिसका कार्य 15 से 20 दिनों के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके निर्माण कार्य से क्षेत्र में बिजली की समस्या का समाधान भी सुनिश्चित होगा।
50 लाख रुपए मिलेगी मुआवजा राशि
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि निर्माणाधीन सुन्नी डैम जल विद्युत परियोजना की वजह से जिन कृषकों की फसलों को नुकसान पहुंचा है उसके लिए लगभग 50 लाख रुपए की राशि वितरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुआवजे की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है और जल्द ही कंपनी द्वारा पैसे वितरित किए जाएंगे।


| All Rights Reserved | Website By :