हिमाचल आजकल
शिमला। नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत जिला प्रशासन उपमंडल रोहड़ू व कृषि विज्ञान केंद्र, शिमला के संयुक्त तत्वावधान में वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय, सीमा (रोहड़ू) में नशा के विरुद्घ जन जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्रों सहित आसपास के विभिन्न सरकारी व निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल ने किया। उन्होंने कहा कि नशा जीवन नहीं, विनाश का मार्ग है। युवा पीढ़ी को इससे बचाते हुए समाज को भी जागरूक करना सबकी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व विधायक मोहन लाल ब्राक्टा भी उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को अपने जीवन में सकारात्मकता अपनाने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के तहत एक विशाल रैली भी निकाली गई, जिसमें छात्रों ने नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए स्थानीय जनमानस को जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य नशा उन्मूलन के प्रति युवाआें को जागरूक करना और समाज में एक नशा मुक्त वातावरण की स्थापना के लिए सहभागिता सुनिश्चित करना था। इस आयोजन में कृषि विज्ञान केंद्र रोहड़ू की आयोजन में सक्रिय भूमिका रही।


| All Rights Reserved | Website By :