मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की
हिमाचल आजकल
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने केंद्र से हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसरंचना को मजबूत करने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत अगले वित्त वर्ष में आवंटन में वृद्धि और प्रदेश के लिए 3 गहन चिकित्सा खंड स्थापित करने की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने और आयुष्मान भारत योजना के तहत अनुपात बनाए रखने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने बीते बुधवार देर शाम नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री उनके आवास पर मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि प्रदेश के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत अगले वित्त वर्ष में आवंटन में 200 करोड़ की वृद्धि की जाए।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत केंद्र सरकार की हिस्सेदारी बढ़ाने का आग्रह भी किया ताकि 90:10 का अनुपात बना रहे।
ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आग्रह किया कि प्रदेश के लिए तीन गहन चिकित्सा खंड स्थापित करने की अनुमति शीघ्र प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यह खंड प्रदेश में गंभीर रोगों से पीडि़त रोगियों के बेहतर उपचार के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को हिमाचल में इस वर्ष आपदा से हुए नुकसान तथा प्रदेश सरकार द्वारा अधोसरंचना विकास व आपदा पीडि़तों के पुनर्वास के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होंने प्रदेश हित में राज्य की ऋण सीमा में 2 प्रतिशत की वृद्धि का मामला केंद्रीय वित्त मंत्री से उठाने का आग्रह भी किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्र से प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना मजबूत करने का आग्रह किया
Get in Touch


| All Rights Reserved | Website By :