शिक्षा मंत्री ने खद्दर स्कूल के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में नवाजे मेधावी छात्र
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आज चौपाल उप मंडल के खद्दर में मौजूद रहे जहां पर उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खद्दर के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यालय में वर्ष भर में हुई गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया और विद्यालय में संचालित अन्य गतिविधियों से भी उन्हें अवगत करवाया।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्तमान समय में शिक्षा सभी के लिए एक जरूरी है। शिक्षा मनुष्य को सभ्य और सुसंस्कृत बनाती है। साथ ही शिक्षित व्यक्ति समाज और राष्ट्र के लिए भी एक सम्पति होता है जिसकी समाज और राष्ट्र निर्माण में विशेष भूमिका रहती है।
गौरतलब है कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खद्दर एक पुराना और प्रतिष्ठित संस्थान है। पिछले शैक्षणिक सत्र में इस विद्यालय का 10वीं और 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा है। विद्यालय के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से स्थानीय ग्रामीणों द्वारा 16 लाख रूपए खर्च करके 3 बीघा भूमि खरीदी गई है जो एक प्रशंसनीय पहल है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस विद्यालय के भवन निर्माण के अलए 30 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले लगभग तीन वर्षों में राज्य सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए अनेक परिवर्तनकारी पहल की हैं, जिनके परिणामस्वरूप प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब तक विभिन्न श्रेणियों के लगभग 7000 नियमित शिक्षकों की नियुक्तियां की जा चुकी है। इसके बाद 9000 से अधिक और पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है जिनमें 1170 टीजीटी, 1762 जेबीटी, 37 प्रवक्ता (पीडब्ल्यूडी) 69 सीएंडवी और 6292 एनटीटी शिक्षक शामिल हैं।

जवाबदेही के लिए विद्यालयों की नियमित निरीक्षण की जरूरत
रोहित ठाकुर ने जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों की नियमित निरीक्षणों की जरूरत है। उन्होंने बताया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार द्वारा पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा देने का निर्णय लिया गया है जिससे कि ग्रामीण परिवेश में पढऩे वाले विद्यार्थी भी बदलते समय के साथ आगे बढ़ सकेंगे। इसके अलावा भारत से बाहर के देशों में शिक्षा ढांचे को समझने और उससे सीखने के लिए मेधावी बच्चों को विदेश के दौरे पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के प्रयत्नों के फलस्वरुप एएसईआर और एनएएस के सर्वे में हिमाचल ने शानदार प्रदर्शन किया है और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में भी प्रदेश में शिक्षा का स्तर नई ऊंचाइयों को छुएगा। शिक्षा मंत्री ने इस दौरान विद्यालय के छात्र-.छात्राओं पुरस्कार भी वितरित किए। इस अवसर पर पूर्व महासचिव हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी रजनीश किमटा ने शिक्षा मंत्री का चौपाल विधानसभा क्षेत्र पधारने पर स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की विभिन्न मांगों और समस्याओं से अवगत करवाया।


| All Rights Reserved | Website By :