Saturday, August 1, 2026

हिमाचल के बागवानों के हितों की लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस: कुलदीप राठौर

हिमाचल आजकल

शिमला। कांग्रेस बागवानों के हितों की लड़ाई लड़ेगी और उनकी अनदेखी किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी। इसी कड़ी में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द दिल्ली जाएगा और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मिलेगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने शुक्रवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय ‘संगठन सृजन अभियान’ की कार्यशाला में भी उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समक्ष हिमाचल प्रदेश के बागवानों की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। राठौर ने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफ.टी.ए) के तहत सेब पर आयात शुल्क 50 से घटाकर 25 प्रतिशत किए जाने का सीधा असर हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के सेब उत्पादकों पर पड़ेगा और उनकी आजीविका प्रभावित होगी। साथ ही स्थानीय उत्पादकों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा। राठौर ने राहुल गांधी ने आश्वस्त किया कि बागवानों के हितों के अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और कांग्रेस प्रमुखता से उनकी लड़ाई लड़ेगी। राठौर ने कहा कि ऐसे में अब जल्द ही प्रदेश के बागवानों का एक प्रतिनिधिमंडल अब दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मिलेगा और आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। पत्रकार वार्ता में राठौर ने केंद्र सरकार और भाजपा सांसदों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने इस गंभीर मुद्दे को न तो प्रभावी ढंग से उठाया और न ही बागवानों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए, जिसका नुकसान प्रदेश के बागवानों को झेलना पड़ सकता है।

नुकसान का मुआवजा दे सरकार

राठौर ने कहा कि हाल ही में हुई ओलावृष्टि से बागवानों को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में उन्होंने सरकार से तत्काल नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने प्रभावित किसान-बागवानों के लिए कर्ज की अदायगी पर रोक लगाने का भी आग्रह किया।

कमर्शियल सिलेंडर महंगा, बढ़ेगा महंगाई का बोझ

राठौर ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में करीब 1 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी को आम जनता पर आर्थिक बोझ बताया। उन्होंने कहा कि इससे खाने-पीने की चीजें महंगी होंगी और इसका सीधा असर घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर भी महंगा हो सकता है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles