हिमाचल आजकल
शिमला। जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी को मिली प्रचंड जीत शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर द्वारा गत साढ़े तीन वर्षों में किए गए विकास कार्यों पर जनता की स्पष्ट मोहर है। यह बात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष जितेंद्र मैहता ने प्रेस को जारी एक बयान में कही।
उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की सभी जिला परिषद वार्डो में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। इसी प्रकार पंचायत समिति जुब्बल की सभी 15 सीटों पर जनता ने कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाया इसके विपरीत भाजपा का सूपड़ा साफ़ हुआ। पंचायत समिति कोटखाई में कांग्रेस ने 11 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि विकास खंड जुब्बल, कोटखाई एवं नावर क्षेत्र में लगभग 80 प्रतिशत प्रधान व उप प्रधान पदों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को जनता ने चुना है।
नगर पंचायत जुब्बल में 15 वर्षो के बाद कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिला जिसमें 7 पार्षदों में 6 कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने विजयी हासिल की जबकि भाजपा मात्र 1 सीट पर सिमट कर रह गई। नगर पंचायत कोटखाई में भी कांग्रेस ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि 3 सीटों पर बेहद करीबी मुकाबला रहा।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पंचायत चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं लड़े गए फिर भी जुब्बल-नावर-कोटखाई में भाजपा ने पंचायत चुनाव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से जोड़कर राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी लाभ लेने के लिए भाजपा ने क्षेत्र के भाईचारे को प्रभावित करने, झूठ फैलाने और दुष्प्रचार करने की राजनीति की। जुब्बल-नावर-कोटखाई की जागरूक जनता ने भाजपा के सभी हथकंडों को नकारते हुए कांग्रेस के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया हैं।
जितेंद्र मैहता ने कहा कि क्षेत्र की प्रबुद्ध जनता ने कांग्रेस पार्टी को प्रचंड समर्थन देकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के पिछले साढ़े तीन वर्षों के विकास कार्यों की सराहना की है तथा भाजपा की नकारात्मक और द्वेषपूर्ण राजनीति को खारिज कर दिया है। उन्होंने जुब्बल-नावर-कोटखाई की जनता को कांग्रेस पार्टी को ऐतिहासिक प्रचंड जीत दिलवाने के लिए आभार व्यक्त किया हैं।


| All Rights Reserved | Website By :