जुब्बल कोटखाई में रोहित ठाकुर का जलवा बरकरार, खड़ापत्थर में हुआ जोरदार स्वागत
हिमाचल आजकल
शिमला। जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी को मिली प्रचंड जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं के निरंतर संघर्ष, संगठनात्मक एकजुटता तथा क्षेत्र की जनता के विश्वास का परिणाम है। यह बात शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने खड़ापत्थर में आयोजित विशाल आभार पंचायती राज जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस को मिली ऐतिहासिक सफलता गत साढ़े तीन वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर जनता की मुहर है। उन्होंने बताया कि जुब्बल-कोटखाई की तीन जिला परिषद सीटों पर कांग्रेस पार्टी को जीत हासिल हुई हैं। इसी प्रकार पंचायत समिति जुब्बल की सभी 15 सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने विजय प्राप्त की है, जबकि पंचायत समिति कोटखाई में 11 सीटों के साथ कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। जुब्बल-नावर-कोटखाई में 80 फीसदी प्रधान व उप प्रधान पद कांग्रेस विचारधारा के चुन कर आएं हैं। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत जुब्बल में 15 वर्षों बाद 7 में से 6 सीटों पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर नया इतिहास रचा है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं, लेकिन पंचायती राज चुनावों में इतनी एकतरफा और प्रचंड जीत उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा कि यह विजय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्पण, संगठन की मजबूती और जुब्बल-नावर-कोटखाई की प्रबुद्ध जनता के आशीर्वाद की जीत है।

उन्होंने कहा कि राजनीति जनसेवा का माध्यम है और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने पंचायतों, पंचायत समितियों तथा नगर निकायों के नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगी।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष जितेंदर मैहता, जुब्बल-नावर-कोटखाई के सभी जिला परिषद सीटों के चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक मोती लाल डेरटा, जिला परिषद सदस्य कलबोग़ वार्ड रेखा चौहान, जिला परिषद सदस्य बढ़ाल वार्ड मीनाक्षी मांजटा, जिला परिषद वार्ड सरस्वती नगर की सदस्य नेहा मैहता, पंचायत प्रधान, बीडीसी सदस्य, नगर पंचायत जुब्बल एवं कोटखाई के पार्षदगण, पंचायत वार्ड सदस्य, पंचायती राज संस्थाओं के पूर्व प्रतिनिधि पूर्व जिला परिषद सदस्य, पूर्व प्रधान, पूर्व बीडीसी सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस तथा कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


| All Rights Reserved | Website By :