Saturday, August 1, 2026

पंचायत समिति जुब्बल में कांग्रेस समर्थित कमलेश झगटा निर्विरोध अध्यक्ष व लोकपाल शरखोली निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए

हिमाचल आजकल

शिमला। पंचायत समिति जुब्बल के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का चुनाव वीरवार को एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी तथा बीडीओ करण सिंह की अध्यक्षता में पंचायत समिति कक्ष, जुब्बल में संपन्न हुआ। इस दौरान पंचायत समिति के सभी निर्वचित 15 सदस्यों ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया। गौरतलब है कि पंचायत समिति जुब्बल के सभी 15 वार्डों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने एकतरफ़ा प्रचंड जीत दर्ज की है।

अध्यक्ष पद के लिए पंचायत समिति वार्ड रावीं की कांग्रेस समर्थित सदस्या कमलेश झगटा के नाम का प्रस्ताव रखा गया जिसका सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के लिए पंचायत समिति वार्ड शिली-पराली के सदस्य लोकपाल शरखोली के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसका भी सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया।

एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी ने कमलेश झगटा को पंचायत समिति जुब्बल की निर्विरोध अध्यक्षा और लोकपाल शरखोली को निर्विरोध उपाध्यक्ष घोषित किया। उल्लेखनीय है कि कमलेश झगटा इससे पूर्व ग्राम पंचायत रावीं की प्रधान रह चुकी हैं। वहीं लोकपाल शरखोली कांग्रेस पार्टी में सक्रिय रहते हुए जुब्बल जोन के प्रभारी का दायित्व भी निभा चुके हैं।

चुनाव संपन्न होने के उपरांत पंचायत समिति की नवनिर्वाचित अध्यक्षा कमलेश झगटा, उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली के अलावा अन्य सदस्यों ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से शिष्टाचार मुलाक़ात की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने सभी पंचायत समिति सदस्यों को आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न करवाने के लिए बधाई दी ।

रोहित ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में पंचायत समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा प्रदेश सरकार पंचायत समिति के माध्यम से क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष जितेंद्र मैहता, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles