पवित्र सिंधु नदी का विधि-विधान से किया पूजन, राष्ट्र की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
हिमाचल आजकल
शिमला। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने आज लेह स्थित पवित्र सिंधु घाट पर सिंधु दर्शन यात्रा समिति द्वारा आयोजित प्रथम सिंधु कुंभ में भाग लिया। पावन सिंधु नदी के तट पर आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ पवित्र सिंधु नदी का पूजन-अर्चन किया तथा राष्ट्र और देशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की। आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न इस धार्मिक अनुष्ठान ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
सभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने देश के विभिन्न भागों से आए श्रद्धालुओं और यात्रियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सिंधु कुंभ भारत की सांस्कृतिक एकता, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रीय अखंडता का जीवंत प्रतीक है तथा यह ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार रूप प्रदान करता है।
कविंद्र गुप्ता ने कहा कि पवित्र सिंधु नदी भारत की प्राचीन सभ्यता, गौरवशाली विरासत और सतत सांस्कृतिक प्रवाह की साक्षी रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह दिव्य आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा देगा।
लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में अपने पूर्व कार्यकाल का स्मरण करते हुए राज्यपाल ने क्षेत्र, यहां के लोगों और इसकी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत से अपने विशेष जुड़ाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सिंधु कुंभ जैसे आयोजन देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों को लद्दाख की सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत धरोहर से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा राष्ट्रीय एकता और भावनात्मक एकीकरण को सुदृढ़ करते हैं।
राज्यपाल ने प्रथम सिंधु कुंभ के सफल आयोजन के लिए सिंधु दर्शन यात्रा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन आने वाले वर्षों में भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत के उत्सव के रूप में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच के रूप में स्थापित होगा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रार्थना सभाएं तथा विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं एवं गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता रही।
इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, सिंधु दर्शन यात्रा समिति के मुख्य संरक्षक इन्द्रेश कुमार, त्रिपुरा विधानसभा के उपाध्यक्ष राम प्रसाद पॉल, स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि, जम्मू से विधायक विक्रम रंधावा और सिंधु दर्शन यात्रा समिति के अनेक सदस्य उपस्थित थे।


| All Rights Reserved | Website By :