Saturday, August 1, 2026

पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल जनता से गहरा जुड़ाव रखने वाले दूरदर्शी नेता थे: रोहित ठाकुर

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय ठाकुर रामलाल की 24वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि एवं स्मरण सभा आयोजित

हिमाचल आजकल

शिमला। हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री, आंध्र प्रदेश के पूर्व राज्यपाल और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र से लगातार नौ बार निर्वाचित विधायक रहे जननायक स्वर्गीय ठाकुर रामलाल की 24वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज कोटखाई में श्रद्धांजलि एवं स्मरण सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप राठौर,पंचायती राज के वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधि, कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा स्थानीय लोगों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय ठाकुर रामलाल जी जनता से गहरा जुड़ाव रखने वाले दूरदर्शी, कर्मठ एवं जनप्रिय नेता थे। उन्होंने कहा कि ठाकुर रामलाल हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार के मंत्रिमंडल में वरिष्ठ मंत्री रहे तथा बाद में तीन बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने का गौरव प्राप्त किया। जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र से लगातार नौ बार निर्वाचित होकर कभी चुनाव न हारने का उनका गौरवशाली रिकॉर्ड आज भी प्रदेश की राजनीति में एक मिसाल है। जनता के अटूट विश्वास और स्नेह के बल पर उन्होंने मुख्यमंत्री और बाद में आंध्र प्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी उल्लेखनीय सेवाएँ प्रदान कीं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में उच्च शिक्षा, कृषि, बागवानी तथा अनुसंधान को सुदृढ़ करने की दिशा में स्वर्गीय ठाकुर रामलाल का अमूल्य योगदान रहा। उनके कार्यकाल में जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं संपर्क मार्गों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ, जिससे क्षेत्र का सड़क घनत्व उल्लेखनीय रूप से बढ़ा और दूरदराज़ के गाँव विकास की मुख्यधारा से जुड़े। आज भी क्षेत्र में दिखाई देने वाला सड़क नेटवर्क उनके दूरदर्शी नेतृत्व और विकासोन्मुख सोच का सशक्त प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला, डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी (सोलन) और चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना एवं विकास की आधारशिला रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सेब बागवानी के विस्तार तथा किसानों की आर्थिक समृद्धि में भी स्वर्गीय ठाकुर रामलाल का ऐतिहासिक योगदान रहा। उनकी दूरदर्शी नीतियों के परिणामस्वरूप भूमिहीन एवं कमजोर वर्गों को भूमि के अधिकार प्रदान किए गए, जिससे हजारों परिवारों के जीवन में सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन आया। उनके प्रयासों से हिमाचल की बागवानी को नई दिशा मिली और सेब उत्पादकों के लिए विकास एवं समृद्धि के नए अवसर सृजित हुए। आधुनिक बागवानी अवसंरचना, नियंत्रित वातावरण भंडारण (सीए स्टोर), उन्नत पौध सामग्री तथा बागवानी अनुसंधान को बढ़ावा देने की मजबूत आधारशिला भी उनके नेतृत्व में रखी गई। प्रदेश के बागवानों को संकट के समय राहत प्रदान करने वाली मंडी मध्यस्थता योजना जैसी महत्वपूर्ण पहल भी उनकी किसान हितैषी सोच का परिणाम है, जिसने वर्षों से सेब एवं अन्य फल उत्पादकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय ठाकुर रामलाल के कार्यकाल में प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर सरकारी नौकरियों के अवसर प्राप्त हुए, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों युवाओं को रोजगार मिला। युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से आईटीआई जुब्बल जैसे रोजगारोन्मुखी संस्थानों की स्थापना भी उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि आम किसान परिवार से निकलकर जुब्बल-कोटखाई की जनता के आशीर्वाद से लगातार 9 बार विधायक निर्वाचित होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय ठाकुर रामलाल राष्ट्रीय स्तर के दूरदर्शी नेता थे। उनकी संगठन क्षमता, राजनीतिक सूझबूझ और जनसेवा के प्रति समर्पण के कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी ने उन्हें वर्ष 1980 में देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया। उनके नेतृत्व में हुए उतर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने लगभग तीन-चौथाई बहुमत के साथ ऐतिहासिक विजय प्राप्त कर सरकार बनाई। इसके अतिरिक्त उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी के संसदीय क्षेत्र के चुनाव प्रभारी के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1972 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में ठाकुर रामलाल जी को अपनेजुब्बल-कोटखाई निर्वाचन क्षेत्र में पड़े कुल मतों का लगभग 95 प्रतिशत समर्थन प्राप्त हुआ था, जो उस समय देशभर में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड माना गया। यह उनके प्रति जनता के अटूट विश्वास, लोकप्रियता और जनसेवा के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय ठाकुर रामलाल के कार्यकाल में केवल जुब्बल-कोटखाई ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए। शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल, सड़क एवं अन्य आधारभूत ढाँचे के क्षेत्रों में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए गए, जिनका लाभ आज भी प्रदेश की जनता को मिल रहा है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्वर्गीय ठाकुर रामलाल केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि जनभावनाओं को समझने वाले संवेदनशील जननायक थे। उनके आदर्श, कार्यशैली और जनकल्याण के प्रति समर्पित जीवन से वर्तमान एवं भावी पीढ़ियाँ निरंतर प्रेरणा प्राप्त करती रहेंगी।

ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप राठौर ने पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल के स्मरणो को याद किया। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति से ठाकुर रामलाल के साथ कार्य करने का मौक़ा मिला। सरल व सुलझे हुए व्यक्तित्व, जन भावनाओ को समझने वाले तथा सबको साथ लेकर चलना ये उनकी शख्सियत थी। कुलदीप राठौर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल राजनीति के सज्जन पुरूष के रूप में पूरे हिमाचल प्रदेश में जाने जाते थे। उनका जितना बड़ा कद था वे उतने ही नम्र स्वभाव के थे।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय ठाकुर रामलाल के साथ बिताए अपने संस्मरण साझा किए तथा उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन संघर्ष, सादगी, जनसेवा और विकास के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जो सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

इस अवसर पर वर्तमान व पूर्व जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति कोटखाई व जुब्बल के वर्तमान व पूर्व अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, प्रधान व उप प्रधानगण, नगर पंचायत कोटखाई व जुब्बल के पार्षद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्वर्गीय ठाकुर रामलाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles