Monday, August 10, 2026

नावर क्षेत्र के विकास में नहीं आने दी जाएगी धन की कमी : रोहित ठाकुर

हिमाचल आजकल

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि नावर क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बागवानी, पर्यटन और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। 

शिक्षा मंत्री आज अपने एक दिवसीय नावर प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करने के उपरांत नावर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

सड़कों के सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और नावर क्षेत्र भी इस दिशा में प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़कों से संबंधित 50 से अधिक परियोजनाओं के लिए लगभग 550 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इनमें से नावर क्षेत्र की 11 परियोजनाओं को भी स्वीकृति शामिल है, जिस पर 100 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत नावर क्षेत्र की 7 सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र की 3 सड़कों के लिए नाबार्ड के अंतर्गत लगभग 25 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि कुठाड़ी पंचायत की खदराला सड़क के लिए स्पेशल सेंट्रल असिस्टेंस प्लान के अंतर्गत 9 करोड़ 50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत घणासीधार-खदराला सड़क को भी पक्का किया गया है।

टिक्कर-टूनाधार सड़क का किया निरीक्षण

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नावर प्रवास के दौरान निर्माणाधीन शहीद नाथूराम टिक्कर-टूनाधार सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने बताया कि इस सड़क का निर्माण लगभग 9 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय अवधि के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के आवागमन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी तथा बागवानी एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बागवानी और पर्यटन को दिया जा रहा बढ़ावा

शिक्षा मंत्री ने कहा कि नावर क्षेत्र बागवानी की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। बागवानी के विकास एवं बागवानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों को सुदृढ़ करने का कार्य भी इसी दृष्टि से किया जा रहा है, ताकि बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिले और उन्हें अपनी फसल का बेहतर लाभ प्राप्त हो सके।

उन्होंने कहा कि नावर क्षेत्र में पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं। क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन क्षमता को ध्यान में रखते हुए आगामी वर्षों में पर्यटन विकास की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे अभूतपूर्व प्रयास

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और प्रदेश ने राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS) में देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में भी देश के शीर्ष 6 राज्यों में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य के रूप में भी पहचान प्राप्त है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूरदराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए शिक्षा व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी कड़ी में नावर क्षेत्र में चार वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles