Sunday, April 12, 2026

जयराम सरकार ने हमीरपुर के साथ विकास में किया भेदभाव : सुक्खू

हिमाचल आजकल

सुजानपुर। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष व स्क्रीनिंग समिति के सदस्य सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जयराम सरकार पर तीखाn हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने हमीरपुर के साथ विकास के मामले में भेदभाव किया है। साढ़े चार साल से विकास कार्य ठप हैं। 
सुक्खू शनिवार को सुजानपुर में ब्लॉक कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं सुजानपुर के विधायक राजिंदर राणा जी भी मौजूद रहे। सुक्खू ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग कांग्रेस पार्टी की रीढ़ है। पार्टी की मजबूती के लिए इस वर्ग के किये कार्यों व बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। देश के इतने सुंदर संविधान को डॉ. भीमराव आंबेडकर ने बनाया, उन्हें शत-शत नमन है। 
 बकौल सुक्खू, भाजपा ने सत्ता में आते ही हमीरपुर से कई महत्वपूर्ण दफ्तर स्थानांतरित कर दिए। विकास के मामले में जिला दस साल पीछे चला गया है। कांग्रेस के सात माह बाद सत्ता में आते ही जिले को पुराना रुतबा मिलेगा। प्रदेश की भाजपा सरकार में हमीरपुर जिले से एक भी मंत्री नहीं बनाया गया। सरकार हर मोर्चे में फेल रही है। सिराज को छोड़कर पूरे प्रदेश में विकास कार्य सिर्फ कागजों में ही हो रहे हैं। 


मुख्यमंत्री की कोई सुनता नहीं। सरकार दिल्ली से चल रही है। जयराम ठाकुर खुद कोई फैसला नहीं ले सकते, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का फोन आने पर ही वह निर्णय लेते हैं। अधिकारी उनकी सुनते नहीं, प्रदेश को ऐसी सरकार और मुख्यमंत्री की कोई जरूरत नहीं। कांग्रेस सरकार बनते ही व्यवस्था परिवर्तन होगा। अफसरों के लिए जवाबदेही व नेताओं के लिए पारदर्शिता कानून लाएंगे। पुरानी पेंशन योजना को पहली कलम से बहाल किया जाएगा। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे। युवाओं को रोजगार के लिए नई नीति लाएंगे। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होटल व अन्य प्रोजेक्ट की एनओसी निवेशकों को अधिकारी लेकर देंगे। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 40 साल बाद कांग्रेस की नई लीडरशिप में चुनाव हो रहे हैं। महिलाओं, बुजुर्गों व युवाओं को हर क्षेत्र में आगे लेकर सम्मान देंगे। आज देश व प्रदेश में भाजपा सरकारों की गलत नीतियों की वजह से महंगाई सातवें आसमान पर है। हर घर महंगाई की आग में झुलस रहा है। पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों ने आठ साल में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार लोगों को महंगाई से राहत दिलाने में नाकाम रही है। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र राणा, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया इत्यादि भी मौजूद रहे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles