कहा, स्व. ठाकुर रामलाल के मंत्रिमंडल में रहे थे लोकनिर्माण मंत्री
हिमाचल आजकल
शिमला। जुब्बल नावर कोटखाई के विधायक व कांग्रेस नेता रोहित ठाकुर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंडित सुखराम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम के निधन से कांग्रेस पार्टी के साथ साथ प्रदेश की अपूर्णीय क्षति हुई है। पंडित सुखराम 1963 से 1984 तक मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र से लगातार विधायक चुने गए और 1998 व 2003 में फिर से मंडी सदर के विधायक बने। वे पशुपालन, कृषि, ऊर्जा व लोक निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री रहें । उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम 1984 में मंडी लोकसभा से सांसद चुने गए और तत्कालीन राजीव गांधी सरकार में राज्य मंत्री बने और 1996 में फिर मंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए और दूरसंचार मंत्री बने। रोहित ठाकुर ने कहा कि पंडित सुखराम को संचार क्रांति के जन्मदाता के रूप में पूरे देश में पहचाना गया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. ठाकुर रामलाल का पंडित सुखराम के साथ भावनात्मक रिश्ता रहा। दोनों पहले हिमाचल निर्माता डा वाई एस परमार मंत्रिमंडल के सहयोगी रहें और बाद में पंडित सुखराम पूर्व मुख्यमंत्री स्व.ठाकुर रामलाल के मंत्रिमंडल में ऊर्जा व लोकनिर्माण मंत्री रहें और हिमाचल निर्माण के शुरू के दौर में दोनों ने हिमाचल निर्माता डा.वाईएस परमार के साथ अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पंडित सुखराम के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की और प्रार्थना की कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक ग्रस्त परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल नावर कोटखाई के वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताआें, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस व सभी प्रमुख संगठनों के पदाधिकारियों ने भी पंडित सुखराम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया हैं।


| All Rights Reserved | Website By :