Sunday, April 12, 2026

मुख्यमंत्री ने सीपुर मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की

हिमाचल आजकल

शिमला , मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को जिला शिमला के मशोबरा के समीप सीपुर में जिला स्तरीय सीपुर मेले के समापन समारोह के अवसर पर विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए सीपुर में आयुर्वेद औषधालय तथा कनहोला में स्वास्थ्य उप-केन्द्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने मशोबरा-सीतापुर-देवठी सड़क की मेटलिंग व टारिंग करने की भी घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की भूमि है तथा लोग स्थानीय देवी-देवताओं पर बहुत विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि लगभग वर्षभर इन स्थानीय देवी-देवताओं के सम्मान में मेले व उत्सव मनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि मेले व उत्सव प्रदेश की विविध सांस्कृतिक समृद्धता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि उत्सव समाज की भावनात्मक तथा सामाजिक एकता को बनाए रखने में भी सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति व परम्पराओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखना प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है।मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल वह समाज ही उन्नति व खुशहाली प्राप्त करता हैं, जो अपनी परम्पराओं व संस्कृति का सम्मान करता हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को जीवन में सफलता प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी परम्पराओं पर भी गर्व करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी अपने दौरे के दौरान देश की समृद्ध संस्कृत व परम्पराओं को बढ़ावा देना सुनिश्चित करते हैं।

जय राम ठाकुर ने घोषणा की है कि जल शक्ति विभाग के तहत आने वाली क्रैगनेनो-शुहल सड़क को उचित रख-रखाव के लिए लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा। उन्होंने ढली से शिरदू सड़क के रख-रखाव के लिए 8 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत पधेची-भरांडी में खेल मैदान के निर्माण के लिए 7 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मशोबरा के नाम भूमि हस्तांतरित की जाएगी। उन्होंने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से 21000 रुपये देने की घोषणा की।  मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार वितरित किए।शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने क्षेत्र के लोगों को मेले की बधाई देते हुए कहा कि मेले एवं उत्सव सदियों से मनोरंजन का साधन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मेले एवं उत्सव लोगों को सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने के अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने लोगों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आरम्भ की गई विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। ग्राम पंचायत मशोबरा की प्रधान गायत्री देवी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा क्षेत्र की विभिन्न मांगों की विस्तृत जानकारी भी दी।सीपुर मेला समिति के संयोजक बालक राम ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का इस अवसर पर स्वागत किया। उन्होंने इस जिला स्तरीय मेले के समृद्ध ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला तथा मुख्यमंत्री से इस मेले को राज्य स्तरीय दर्जा प्रदान करने का भी आग्रह किया।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles