चुनावों से पहले हर बाद मोदी आते हैं सपने बेचने
हिमाचल आजकल
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष व स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश की जनता को ठगा है। उनके दौरे से लोगों को अनेक सौगातें मिलने की उम्मीदें थी, लेकिन वह झुनझुना थमाकर निकल लिए। चुनावों से पहले मोदी हर बाद सपने बेचते आते हैं। प्रदेश की भोली-भाली जनता भाजपा और मोदी को अब भलीभांति समझ चुकी है और उनके झांसे में आने वाली नहीं।
उन्होंने कहा कि मोदी भी अबकी बार प्रदेश की भाजपा सरकार को नहींं बचा पाएंगे। जयराम सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। जनता ने प्रदेश सरकार को पूरी तरह से नकार दिया है। प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और नशाखोरी चरम पर है। सरकार इन मुख्य मुद्दों का हल निकालने मेंं नाकाम रही है।
केंद्र सरकार ने भी महंगाई व बेरोजगारी से निजात दिलाने के लिए कोई कदम नहींं उठाया। पेट्रो पदार्थों व रसोई गैस सिलिंडर की कीमतें आसमान पर हैं। नरेंद्र मोदी इन मुद्दों पर कुछ नहीं बोलते। उन्होंने सत्ता संभालने के बाद से ही जनहित के मामलों पर चुप्पी साधे हुए हैं।
बकौल सुक्खू, मोदी हिमाचल को हमेशा अपना दूसरा घर बताते हैं, लेकिन आठ साल के शासन में कुछ नहीं दिया। प्रदेश को विशेष आर्थिक पैकेज की बेहद जरूरत है। उस तरफ मोदी ने कभी नहीं सोचा। चुनावों से ठीक पहले आकर वह शब्दों का मायाजाल फैलाकर लोगों को उसमें फांसने की कोशिश करते हैं। हिमाचल में अब उनकी जुमलेबाजी चलने वाली नहींं है। प्रदेश सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।


| All Rights Reserved | Website By :