मुख्यमंत्री ने बंजार में ‘प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष’ समारोह की अध्यक्षता की
हिमाचल आजकल
शिमला, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने ‘प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष’ समारोहों की कड़ी में आज बंजार विधानसभा क्षेत्र के मेला ग्राउंड में लगभग 60 करोड़ रुपये की 17 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए तथा विशाल जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के गठन के 75 वर्ष के उपलक्ष्य पर प्रदेश भर में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों में सरकार को मिल रहे अपार जनसमर्थन से कांग्रेस के नेता बौखला गए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को जवाब देते हुए कहा कि इन समारोहों का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। ये कार्यक्रम केवल हिमाचल प्रदेश की 75 वर्ष की गौरवमयी यात्रा और इसे देश का अग्रणी राज्य बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए ही आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के इस गौरवशाली इतिहास का श्रेय प्रदेश के सक्षम नेतृत्व के साथ-साथ राज्य के मेहनती एवं ईमानदार लोगों को भी जाता है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चहुंमुखी विकास में डॉ. वाई.एस. परमार, राम लाल ठाकुर, शांता कुमार, वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल सहित सभी मुख्यमंत्रियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि गठन के समय प्रदेश की साक्षरता दर केवल 4.8 प्रतिशत थी, जबकि आज यह 83 प्रतिशत को पार कर गई है। वर्ष 1948 में राज्य में केवल 228 किलोमीटर लंबी सड़कें थीं, जो आज लगभग 40,000 किलोमीटर हो गई हैं। उन्होंने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में 60,000 करोड़ रुपये के प्रावधान के साथ आरंभ की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना हिमाचल के लिए वरदान साबित हुई है। प्रदेश में लगभग 51 प्रतिशत सड़कों का निर्माण इसी योजना के माध्यम से किया गया है। बंजार जैसे दूरदराज क्षेत्रों में भी पीएमजीएसवाई के कारण ही सड़कों का निर्माण संभव हुआ है तथा इससे प्रदेश के विकास के लिए एक मजबूत आधार तैयार हुआ है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकारों की बदौलत प्रदेश में विकास की गति तीव्र हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य के लिए बल्क ड्रग फार्मा पार्क स्वीकृत किया गया है, जो पूरे प्रदेश के लिए वरदान साबित होगा। इससे विशेष रूप से ऊना जिला को अत्यधिक लाभ होगा और राज्य के 50,000 से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने बंजार में 3.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय के नए भवन, बंजार के धमौली में 2.89 करोड़ रुपये से निर्मित हेलीपैड ग्राउंड, पलाचन खड्ड के ऊपर 2.17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बठड़ से शिल श्रुंगर पुल, 1.50 करोड़ रुपये से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगलौर, तहसील बंजार में 8.55 करोड़ रुपये से निर्मित उठाऊ जलापूर्ति योजना कोटला गोपालौर, बाहू में 2.60 करोड़ रुपये से निर्मित 33 केवी सब स्टेशन, बांदल में 19.24 लाख रुपये की लागत से निर्मित निरीक्षण कुटीर और बंजार में 22.25 लाख रुपये से निर्मित वन विभाग के रेंज कार्यालय का उद्घाटन किया।
जय राम ठाकुर ने नजान में 1.12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले स्वास्थ्य उप केंद्र, 1.01 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हीरब, बंजार में 1.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अधिशाषी अभियंता कार्यालय भवन, बाई पास सड़क बंजार के घेलीगढ़ में जीभी खड्ड के ऊपर 1.80 करोड रुपये की लागत से बेली पुल, तहसील भुंतर में 9.41 करोड़ रुपये की लागत की जलापूर्ति योजना जेस्टा मंजली, परली के अतिरिक्त स्रोत, राऊ नाला में 5.60 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाली वाहन पार्किंग और तहसील सैंज 14.29 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले मिनी सचिवालय भवन का शिलान्यास किया।
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्ष में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है और इसका सारा श्रेय राज्य सरकार की कल्याणकारी और विकासोन्मुखी नीतियों को जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना और मुख्यमंत्री सहारा योजना जैसी अनेक योजनाओं से आम लोगों के जीवन में उल्लेखनीय बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिना किसी राजनीतिक द्वेष से राज्य के सभी क्षेत्रों का समान विकास सुनिश्चित किया है।


| All Rights Reserved | Website By :