भाजपा सरकार ने प्रदेश युवाओं के हितों से किया खिलवाड़ा
हिमाचल आजकल
शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व विधायक अनिरूद्ध सिंह ने कहा है कि जयराम सरकार अफसरशाही की सरकार है। सरकार का एक भी फैसला अपना नहीं बल्कि सभी फैसले अफसरशाही ही ले रही है। उन्होंने जयराम सरकार को अपने फैसले पलटने वाली सरकार करार दिया। यह सरकार सुबह फैसले लेती है और शाम को इनको बदलती है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने अपने कार्यकाल में करीब 200 नोटिफिकेशन बदल डाली है। वे शुक्रवार को शिमला में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि जयराम सरकार चुनाव के नजदीक आते ही भर्तियां निकाल रही है जबकि चुनावी आचार संहिता लगने को कुछ ही दिन बाकी है। सरकार को अब युवाओं की याद आ रही है। यही नहीं सरकार ने पहले जो कुछ भर्तियां निकालीं, उनमें पेपर लीक कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया। पुलिस कांस्टेबल भर्ती का पर्चा लीक कर हजारों युवाआें के साथ धोखा किया गया। सरकार ने पहले इसकी सीबीआई जांच की बात कही लेकिन बाद में मुकर गई।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने झूठे वादे कर लोगों को गुमराह करने का काम किया है। हिमाचल में 69 एनएच बनाने की बात केंद्र की मोदी और जयराम सरकार ने की थी, लेकिन एक भी सडक के लिए सर्वे तक नहीं करवाया गया। फोरलेन की भी यही कमोबेश यही स्थिति है। परवाणु शिमला फोरलेन के कैथलीघाट से लेकर ढली तक के हिस्से पर अभी भी काम शुरू नहीं किया गया, जबकि इसके लिए बड़ी संख्या में लोगों को उजाडा गया। अब इसकी अलाइंमेंट ही बदल दी गई।
जयराम सरकार ने कसुम्पटी से किया भेदभाव
अनिरूद्ध सिंह ने जयराम सरकार पर कसुम्पटी विधानसभा हल्के से भेदभाव करने के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पांच सालों से जयराम सरकार ने उनके इलाके में कोई काम नहीं किया, उल्टे उनके शुरू किए कार्यों लटकाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी में जो भी काम हुआ है वो विधायक प्राथमिकता और नाबार्ड की योजनाएं के तहत ही हुआ है। विधायक होने के नाते इस इलाके की 14 परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार किए, जिसमें 12 योजनाएं मंजूरी भी उन्होंने करवाई। इन परियोजनाओं में सरकार का कोई हाथ नहीं है।


| All Rights Reserved | Website By :