मॉनसून से प्रदेश को करीब 3000 करोड़ का नुकसान
हिमाचल आजकल
शिमला। प्रदेश में भारी वर्षा से बहुमूल्य जान माल की हानि हो चुकी हैं। लेकिन भाजपा सरकार जनता को राहत देने की बजाए चुनावी रैलियों में व्यस्त हैं। यह बात जुब्बल नावर कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मॉनसून से प्रदेश को करीब 3000 करोड़ रूपए का नुकसान हुआ हैं जबकि सैंकड़ों बहुमूल्य जानें भी गई हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही वर्षा किसानों-बागवानों पर कहर बनकर टूटी हैं जिससे रिहायशी भवन, गौशाला, किसानों बागवानों के खेत व सेब के पेड़ टूट कर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। रोहित ठाकुर ने कहा कि इसी प्रकार बीते वर्ष भी प्राकृतिक आपदा से प्रदेश को करोड़ां का नुकसान उठाना पड़ा था जिसकी भरपाई आज तक नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि सरकार मॉनसून से प्रदेश के किसानों व बागवानों को हुए नुकसान का आंकलन कर तुरंत मुआवजा राशि दें। कांग्रेस विधायक ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थिति के चलते पहाड़ी क्षेत्र में सडक़ें जीवन रेखा हैं। उन्होंने कहा कि जहां एक आेर वर्षा से सडक़े दलदल और गड्ढों में तब्दील हो गई हैं वहीं प्रदेश सरकार ने इस वर्ष पीडब्ल्यूडी के बजट में कटौती कर दी हैं। उन्होने कहा कि सडक़ों की दयनीय हालत को देखते हुए प्रदेश सरकार अतिरिक्त बजट का प्रावधान करें जिससे सडक़ो का उचित रखरखाव व मुर्रम्मत हो सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के कार्यो को छोड़ चुनावी रैलियों में व्यस्त हो गई हैं और प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी रैलियों के प्रबंधन में लगा दिया हैं। रोहित ठाकुर ने कहा कि आज प्रदेश पर ऋण बढक़र करीब 70 हजार करोड़ रूपए का आंकड़ा पार कर गया हैं।


| All Rights Reserved | Website By :