Monday, January 12, 2026

भाजपा के देशभर में 502 पार्टी कार्यालय बन कर तैयार : जेपी नड्डा

विपक्षी दल केवल नफरत का मेगा शॅापिंग मॉल बनकर रह गए
हिमाचल आजकल
शिमला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने नूरपुर के जसूर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में चर्चा की थी कि भाजपा के अपने कार्यालय बनने चाहिए। तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने तुरंत उसके ऊपर योजना बनाई और आज पूरे देश भर में प्रदेश और जिला स्तर के कार्यालय खुल रहे हैं। देश में 887 कार्यालयों की रचना हो गई है। 502 कार्यालय बन कर तैयार हो गए हैं जिसमें नूरपुर और पालमपुर का कार्यालय भी है। और 166 कार्यालयों का काम चल रहा है। हिमाचल में भी 8 कार्यालय बनकर तैयार हो चुके हैं। भाजपा के कार्यालय संस्कार के केंद्र हैं और इन पर कभी ताला नहीं लगता है यह 24 घंटे खुले रहते हैं।
उनका कहना है कि आज भाजपा के कार्यकर्ता की छाती चौड़ी हो जाती है जब यह चर्चा होती है कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। भाजपा के 18 करोड़ सदस्य हैं। भाजपा विचारों पर चलने वाली पार्टी है। कांग्रेस और सीपीआईएम हाथ मिलाकर चुनाव लड़ते हैं कहां गए इनके राजनीतिक सिद्घांत।
नड्डा ने कहा कि भाजपा ने कांगड़ा के पालमपुर में भव्य राम मंदिर बनाने का प्रस्ताव पारित किया था। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत इच्छाशक्ति है जिसे उन्होंने राम मंदिर का शिलान्यास भी कर दिया और बड़ी जल्दी यह तैयार होकर देश को अर्पित कर कर दिया जाएगा।
भाजपा ने 60 के दशक में कहा था कि हम परमाणु शक्ति बनेंगे पर गांधी परिवार ने तब भाजपा का मजाक उड़ाया था । वर्ष 1998 में पोखरण में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में परमाणु प्रशिक्षण किया गया। देश की अर्थव्यवस्था दसवें स्थान से चढक़र पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पूरे देश भर में 6$80 लाख बूथों पर बूथ अध्यक्ष भी है और बूथ की समिति भी है। भाजपा के देश में 303 लोकसभा के सांसद, 1385 विधायक और 15 राज्यों में सरकारें है।
नड्डा ने कहा भाजपा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लक्ष्य से काम करने वाली पार्टी है और देश की बाकी पार्टियां तो केवल मात्र एक परिवारों की पार्टी बनकर रह गई है। भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष , मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बन सकता है। उनका कहना है कि कांग्रेस , अकाली दल, समाजवादी पार्टी, आरजेडी, टीएमसी, केसीआर, डीएमके, शिवसेना, एनसीपी सभी परिवार की पार्टी बन चुकी है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, सांसद नरेश बांसल, विपिन परमार, त्रिलोक कपूर, सांसद कृष्ण कपूर, हंसराज, सरवीण चौधर व राकेश पठानिया मौजूद रहे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles