विधानसभा में आयोजित बाल सत्र में ज्वलंत मुद्दों पर की गई चर्चा
हिमाचल आजकल
शिमला 12 जून। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत होती है और जब तक सफलता नहीं मिलती तब तक निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के सवाल नए हिमाचल की नींव रखते हैं और उनके सवाल-जवाब देखकर इस बात का विश्वास और मजबूत हुआ कि हिमाचल प्रदेश का भविष्य सुरक्षित है। यह बात मुख्यमंत्री ने सोमवार को हिमाचल विधानसभा शिमला में बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित बाल सत्र में कही। मुख्यमंत्री ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लेते हुए बाल सत्र की कार्यवाही देखी तथा इसमें भाग लेने वाले सभी बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सरकार कैसी हो विषय पर आयोजित इस बाल सत्र में ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई और बच्चों ने शिक्षा के सुधार और लोगों की समस्याआें के बारे अनेक प्रश्न पूछे।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बाल सत्र के दौरान स्कूलों में योगाभ्यास के लिए विशेष सत्र आयोजित करने के सुझाव पर विचार करने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि बाल सत्र के दौरान आए अन्य सुझावों पर राज्य सरकार गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विशेष बच्चों पर भी ध्यान दे रही है और सरकार ने प्रदेश के 6000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ दी स्टेट के रुप में अपनाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल सत्र में भाग लेने वाले बच्चे सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें करीब 98 वर्ष पहले बने भवन में अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला है और यह भवन कई एेतिहासिक घटनाक्रमों का गवाह रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने छात्र जीवन के दौरान 17 वर्ष की आयु में कक्षा प्रतिनिधि (क्लास रिप्रजेंटेटिव) का चुनाव लड़ा और आज उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा करने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाआें के लिए राजनीति में काफी अवसर हैं।
सत्र का शुभारम्भ करते हुए राज्यसभा के उप-सभापति हरिवंश ने कहा कि गवर्नेंस में युवाआें की भागीदारी बढ़ाना अति जरूरी है। देश के विकास में युवाआें को अधिक से अधिक भागीदार बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाआें की नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए उनका सर्वांगीण विकास आवश्यक है ओर बाल सत्र के माध्यम से युवा पीढ़ी को एक नया मंच प्राप्त हुआ है।

बाल विधायक के लिए देशभर के 50 हजार बच्चों ने भाग लिया : कुलदीप पठाानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के एेतिहासिक काउंसिल चेंबर में विधानसभा का बाल सत्र आयोजित किया गया है, जिसके लिए बाल विधायकों का चयन लंबी प्रक्रिया के बाद किया गया। इस प्रक्रिया में देशभर के 50 हजार से अधिक बच्चों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि चयनित अधिकांश बच्चे सरकारी स्कूलों से चुने गए हैं। उन्होंने बाल सत्र के लिए चयनित मुख्यमंत्री जाह्नवी और कैबिनेट के अन्य मंत्रियों तथा विधायकों को बधाई दी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, शिक्षा मंत्री राजस्थान सरकार बी$डी$ कल्ला, मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, राम कुमार चौधरी तथा संजय अवस्थी और विधायकगण उपस्थित थे।


| All Rights Reserved | Website By :