Sunday, April 12, 2026

इस बार जिला शिमला में 1.54 करोड़ सेब की पेटियां होने का अनुमान

जिला उपायुक्त ने सेब सीजन की तैयारियों को लेकर की बैठक
हिमाचल आजकल
शिमला। इस वर्ष जिला शिमला 1 करोड़ 54 लाख के आसपास सेब के पेटियां होने का अनुमान है। जिला उपायुक्त ने सभी उपमंडल दंडाधिकारियों को अपने क्षेत्र में सेब सीजन के संबंध में समिति का गठन करने के निर्देश दिए ताकि समिति के माध्यम से इस दौरान आने वाली विभिन्न समस्याआें का समयबद्घ उचित निपटारा हो सके। जिला उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी की अध्यक्षता में बुधवार को सेब सीजन 2023 के संदर्भ में की जाने वाली तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया।
उपायुक्त ने उपमंडल दंडाधिकारियों को सेब परिवहन के लिए वाहनों की जरूरत का आकलन करने के संबंध में सेब उत्पादकों, ट्रक संचालकों, पिक-ऑप यूनियनों के साथ बैठकें करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने ट्रक, पिक-ऑप अपरेटर यूनियनों और सेब उत्पादकों के साथ बैठक कर मालभाड़े व परिवहन शुल्क निर्धारित करने के भी निर्देश दिए।
जिला उपायुक्त ने कहा कि सेब परिवहन के लिए किसी भी प्रकार की जरूरत पड़ी तो अन्य जिलों व बाहरी राज्यों से ट्रकों की मंगवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष रेलवे के माध्यम से भी सेब की फसल का परिवहन करने की दिशा में विचार किया जा सकता है, जिसके लिए उन्होंने रेलवे विभाग से आए हुए अधिकारियों को सेब उत्पादकों के साथ बैठक आयोजित करने का आग्रह किया ताकि सेब परिवहन की दिशा में एक सुगम माध्यम उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि निदेशक उद्यान द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार परिवहन शुल्क बक्स के बजाय किलोग्राम या टन के आधार पर निर्धारण किया जाएगा तथा दर निर्धारण के लिए सडक़ की स्थिति व वजन का भी ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनता की जानकारी के लिए नियंत्रण कक्षों, नोटिस बोर्डों, प्रमुख स्थानों पर भाड़ा शुल्क प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ज्यादा कीमत वसूलने वाले पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि एसडीएम ठियोग द्वारा फागू में 15 जुलाई से मुख्य कंट्रोल रूम को शुरू कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त शोघी, गिरिपुल, खड़ापत्थर, नारकंडा, फेडीजपुल और कुड्डू में उप नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्य नियंत्रण कक्ष फागू में आवश्यक सुविधाएं जैसे टेलीफोन, फैक्स, सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए जायेंगे ताकि सेब सीजन को सुगम बनाया जा सके।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles