Monday, April 13, 2026

हिमाचल के इतिहास में पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री को मृतक के परिजनों से मिलने से रोका गया : जयराम ठाकुर

घटना के 11 दिन बीतने के बाद भी मृतक मनोहर के घर नहीं पहुंचा एक भी सरकारी प्रतिनिधि
हिमाचल आजकल
शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि जब पूर्व मुख्यमंत्री को किसी मृतक के घर जाकर शोक प्रकट करने से रोका गया है। एेसी असंवेदनशील और गैरजिम्मेदार सरकार प्रदेश में पहली बार आई है। सलूणी हत्याकांड पर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि घटना के 11 दिन बीत गए हैं, लेकिन सरकार का एक भी प्रतिनिधि अभी तक मृतक के घर नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार बताए कि मृतक मनोहर के परिवार से मिलने से प्रदेश को किस प्रकार का खतरा था। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार कुछ अहम चीजें छुपाना चाह रही है। तभी हमें मृतक के परिवार से मिलने से रोक दिया गया। उन्होने कहा कि हम पीडि़त परिवार के साथ हैं। जब तक न्याय नहीं मिल जाता, हम चुप नहीं बैठेंगे। सरकार आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करे।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड की जानकारी होने पर मैं अपने पार्टी अध्यक्ष के साथ पीडि़त परिवार से मिलकर अपनी शोक सम्वेदना प्रकट करना चाह रहे थे, लेकिन हमें बलपूर्वक रोका गया। मैंने वहा उपस्थित पुलिस अधिकारियों से सरकार से बात करने को कहा लेकिन उन्होंने साफ मना करते हुए कहा कि हमें ऊपर से आदेश आया है कि आप लोगों को वहां न पहुंचने दिया जाए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि क्या अब सामान्य नैतिकता के तकाजे सरकार से पूछकर करने होंगे। क्या अब पूर्व मुख्यमंत्री अपने ही लोगों के बीच जाकर किसी शोक संतप्त परिवार से मिल भी नहीं सकता, किसी को ढांढस भी नहीं बंधा सकता। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह नहीं होगा, इस तरह की तानाशाही से हम हिमाचल की परम्परा को नहीं तोडऩे देंगे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस तरह से मुझे वहां जाने से रोका गया है, उससे यह साफ है कि सरकार जरूर कुछ छुपाना चाहती है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles