मंडी सीट से विक्रमादित्य सिंह के नाम पर चर्चा हुई
हिमाचल आजकल
शिमला। हिमाचल की चार लोकसभा सीट और छह विधानसभा उप चुनाव के लिए कांग्रेस में टिकट को लेकर दिल्ली में मंथन चल रहा है। पिछले दिनों प्रदेश कांग्र्रेस के बड़े नेताओ ने अपनी फीडबैक कांग्रेस आलाकमान को दी है। वहीं दिल्ली से लौटने के बाद प्र्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अपने पुत्र विक्रमादित्य सिंह को लेकर बड़ा बयान दिया है। सोमवार को शिमला में मीडिया से बातचीत में प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा जारी है। मंडी संसदीय सीट पर विक्रमादित्य सिंह को चुनावी मैदान में उतारने को लेकर पार्टी विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा चेहरा होने का फैक्टर विक्रमादित्य सिंह के साथ है हालांकि उम्मीदवारो के नाम अभी फाइनल नहीं हुए है।
प्रतिभा सिंह का कहना है कि मंडी सीट से विक्रमादित्य सिंह के नाम पर दिल्ली में चर्चा हुई है। विक्रमादित्य सिंह के युवा होने का फैक्टर उनके पक्ष में है। मंडी से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत एक युवा हैं ऐसे में उनको टक्कर देने के लिए कांग्रेस में एक युवा नेता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह एक यूथ आईकन है ऐसी में क्षेत्र का युवा भी उनके साथ जुड़ेगा। इन्हीं सब तथ्यों के आधार पर सभी ने पैनल में उनका नाम सुझाया है। प्रतिभा सिंह ने कहा हालांकि मौजूदा सांसद होने के नाते उनका टिकट काटना आसान नहीं है लेकिन सभी तथ्यों का आधार पर सभी नेताओं में विक्रमादित्य सिंह के नाम का सुझाव आया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बीते दिन एक बयान में कहा कि कांग्रेस से बागी होने वाले नेताओं को हॉली लॉज उत्साहित करता रहा। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह नेता बच्चे नहीं है जो उनके उकसाने से पार्टी छोडक़र चले गए। उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा एक बड़ा चुनाव जीत कर आए थे सुधीर शर्मा चार बार के विधायक और पूर्व में मंत्री रहे भी थे। ऐसे में इन नेताओं की भी सरकार से आशाएं थी और इस बात को हमने भी सरकार के सामने बार बार रखा था। उनका कहना है कि समय रहते अगर इन नेताओं को तरजीह दी जाती तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। विक्रमादित्य सिंह को पार्टी आलाकमान ने ही इन नेताओं के साथ समन्वय बिठाने के निर्देश दिए थे।


| All Rights Reserved | Website By :