स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा शिमला के रिज मैदान पर होगी स्थापित
हिमाचल आजकल
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा शिमला के रिज मैदान पर जल्द स्थापित की जाएगी। इसके लिए उपयुक्त जगह की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में वीरभद्र सिंह का एक बहुत बड़ा नाम है। प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री का प्रदेश के विकास में भी बहुत बड़ा योगदान है इसलिए उनकी याद में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा के उप चुनाव भाजपा के राजनैतिक षड्यंत्र का हिस्सा रहें है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत वाली कांग्रेस सरकार को जिस प्रकार से भाजपा ने अस्थिर करने की असफल कोशिश की गई वह सबने देखा। विधानसभा उप चुनाव भाजपा की देन है।
सुक्खू ने कहा कि तीन निर्दलीय विधायकों के विधानसभा की सदस्यता से समय से पूर्व त्यागपत्र देना भी भाजपा के षड्यंत्र का एक हिस्सा है। देश के इतिहास में यह पहला मौका था कि जब निर्दलीय विधायकों ने समय से पहले विधानसभा से यह कह कर त्यागपत्र दिया हो कि उनकी कांग्रेस सरकार में कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। उन्होंने इसे पूरी तरह हास्यास्पद बताते हुए कहा कि निर्दलीय विधायक जो जीत कर विधानसभा में पहुंचा हो वह किसी भी दल को अपना समर्थन दे सकता है। ऐसे में उन्हें अपने पद से त्यागपत्र देने की क्या जरूरत पड़ी यह वही बता सकते है। उप चुनाव में निर्दलीय विधायकों की हार निश्चित है। उन्होंने कहा कि लोगों ने इन्हें पूरे पांच साल के लिए विधानसभा में चुन कर भेजा था इन्होंने लोगों के विश्वास को तोड़ा है।
विधानसभा के उप चुनाव भाजपा के राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा : सुक्खू
Get in Touch


| All Rights Reserved | Website By :