हिमाचल आजकल
शिमला। कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता व विधायक कुलदीप राठौर ने कहा कि देश में नई सरकार के गठन के बाद संसद के पहले ही सत्र में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने लोकसभा में पहली बार नेता प्रतिपक्ष बने राहुल गांधी के भाषण को प्रधानमंत्री मोदी का बालबुद्धि कहने पर एतराज है। राठौर ने कहा कि भाजपा नेता राहुल गांधी पर जो हिंदू धर्म के ऊपर टिप्पणी करने का आरोप लगा रहे हैं वह सरासर गलत है। देशभर में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति की कोशिश की जा रही है जिसे देश की जनता ने पूरी तरह से नकारा है। वे बुधवार को शिमला में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
कुलदीप राठौर ने कहा कि देशभर में जनता ने राहुल गांधी के सदन में दिए गए भाषण को सराहा है। राहुल गांधी ने बड़ी बेबाकी और आत्मविश्वास के साथ अपनी सभी बातों को देश के सामने रखा है। उनका कहना है कि बीते 10 वर्षों में मोदी सरकार के दौरान देश में जो मनमर्जी चलती रही अब उसका मजबूत जवाब प्रतिपक्ष की ओर से सदन में भाजपा को मिलने वाला है। विपक्ष, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के खिलाफ सदन में आवाज उठाएंगे।
कुलदीप राठौर ने कहा कि सेब सीजन से पहले यूनिवर्सल कार्टन की उपलब्धता को लेकर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी से बातचीत की है। उन्होंने कहा कि बहुत से बागवानों की मांग थी कि बीते वर्ष का टेलीस्कोपिक कार्टन उनके पास पड़ा हुआ है ऐसे में उसे इस्तेमाल करने की इजाजत दी जाए। बागवानों को इस वर्ष यह रियायत दी जानी चाहिए और साथ ही 20 किलो की सीलिंग तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्टन मैन्युफैक्चरर्स पर भी बाजार में टेलीस्कोपिक कार्टन बेचने पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए। कार्टन के मूल्य पर भी संशय बना हुआ था अब साफ हो गया है सात श्रेणियां इन कार्टन की बनाई गई है।
राहुल गांधी ने सदन में बेबाकी व आत्मविश्वास के साथ रखीं अपनी बातें : कुलदीप राठौर
Get in Touch


| All Rights Reserved | Website By :