पर्यटकों को सुरक्षित यात्रा और बेहतर सुविधाएं प्रदान कर जा रही : मुख्यमंत्री
हिमाचल आजकल
शिमला। हिमाचल में पर्यटकों की आमद में जबरदस्त उछाल देखने में आया है। प्रदेश ने वर्ष 2024 की पहली छमाही में एक करोड़ से अधिक सैलानियों का आतिथ्य सत्कार किया। हिमाचल की मनोहारी वादियों, स्वच्छ वातावरण और प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जा रही बेहतर सुविधाआें के फलस्वरूप इस साल जून माह के अंत तक रिकार्ड 1,00,87,440 पर्यटक प्रदेश के भ्रमण पर पहुंचे।
प्रसिद्घ पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति पर्यटकों से गुलजार हैं। इस अवधि में सर्वाधिक पर्यटक कुल्लू और शिमला जिलों में उमड़े। कुल्लू जिले की 4,73,737 और शिमला जिले की 4,48,392 सैलानियों ने यात्रा की। प्रदेश में जुलाई माह में भी पर्यटकों का आगमन लगातार जारी है। प्रदेश की अधिकतर सडक़ें पर्यटकों के सुगम आवागमन के लिए खुली हैं और पर्यटक हिमाचल की नैसर्गिक सुन्दरता को निहारने के लिए प्रदेश की ओर रूख कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पर्यटकों को आश्वस्त किया है कि प्रदेश के अधिकांश मार्ग यातायात के लिए खुले हैं। खराब मौसम के कारण प्रदेश की कुछ सडक़ें प्रभावित हुईं थीं, लेकिन वर्तमान में पर्यटकों और आमजन के लिए अधिकतर सडक़ें खोली जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जुलाई महीने में हजारों की संख्या में पर्यटकों ने हिमाचल की सैर की और इस वर्ष के अन्त तक पर्यटकों की संख्या दो करोड़ से अधिक रहने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैलानी प्रदेश के विभिन्न स्थलों की यात्रा से संबंधित जानकारी संबंधित जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के हेल्पलाइन नंबर और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटकों की सुगम व सुरक्षित यात्रा और उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने को प्राथमिकता प्रदान कर रही है।


| All Rights Reserved | Website By :