हिमाचल आजकल
शिमला। मंडी जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आज राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राजभवन से राहत सामग्री से भरे तीन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह राहत सामग्री राज्य रेडक्रस सोसाइटी के माध्यम से मंडी के जिला प्रशासन को भेजी गई है।
राहत सामग्री में 540 कंबल, 500 तिरपाल, 20 पेटी कपड़े, किचन सेट, बाल्टियां और अन्य आवश्यक घरेलू सामान शामिल हैं, जो आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत प्रदान करने के उद्देश्य से भेजे गए हैं।
इस अवसर पर, राज्यपाल ने कहा कि मंडी जिले के थुनाग और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक क्षति हुई है और कई संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में युद्घस्तर पर जुटी हुई हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन को सुचारू रूप से कार्य करने दें और घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ लगाकर बाधा न बनें। राज्यपाल ने कहा कि वे स्वयं भी उचित समय पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और पीडि़त परिवारों से मिलेंगे। जब तक जरूरत होगी, रेडॉक्रस के माध्यम से राहत सामग्री भेजी जाती रहेगी।
उन्होंने प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों से लगातार हो रही प्रातिक आपदाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वनों की अंधाधुंध कटाई जैसे कारण पर्यावरण को असंतुलित कर रहे हैं और अगर समय रहते चेतावनी न ली गई तो प्रकृति अपना रौद्र रूप दिखाती रहेगी।
राज्यपाल ने प्राकृतिक आपदा प्रभावित मंडी जिले के लिए राहत सामग्री के वाहनों को दिखाई हरी झंडी
Get in Touch


| All Rights Reserved | Website By :