शिक्षा मंत्री ने उबादेश की ग्राम पंचायत रत्नाड़ी में लोगों की समस्याआें को सुना
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि कंग्रेस सरकार के अढ़ाई वर्षों के कार्यकाल के दौरान उबादेश क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य किया है। इसमें विभिन्न सडक़ों का निर्माण शामिल है। इसके साथ पूरे विधानसभा क्षेत्र में 136 नई सडक़ों की पासिंग हुई है, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। उनका कहना है कि सेब बहुल क्षेत्र होने के कारण यहां पर सडक़ों का निर्माण एक अहम कार्य है, जिससे बागवानों की फसल को समय पर बाजार पहुंचाने में सुविधा होती है। साथ ही दूर दराज के ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सुविधाएं आसानी से मुहैया होती है। शिक्षा मंत्री ने शनिवार को कोटखाई उपमंडल के तहत उबादेश क्षेत्र के दौरा किया। उन्होंने ग्राम पंचायत रत्नाड़ी में स्थानीय पंचायत के निवासियों व साथ लगती पंचायतों कलबोग, बागी, क्यारवी और कुल्टी के लोगों के अलावा विभिन्न महिला मंडलों से संवाद किया और उनकी समस्यायों का त्वरित निदान किया।

रोहित ठाकुर ने उबादेश क्षेत्र से उनका एक घनिष्ठ और पारिवारिक संबंध है। यह क्षेत्र स्व. ठाकुर राम लाल के समय से ही कांग्रेस पार्टी का एक मजबूत स्तंभ रहा है इसलिए क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि चमैन में अग्रिशमन चौकी का कार्य प्रगति पर है। वर्ष 2023 में आई आपदा के दौरान गुम्मा बाघी सडक़ क्षतिग्रस्त हो गयी थी। इस पूरी सडक़ केदोबारा निर्मार्ण व मुरम्मत के लिए 8 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए है।
रोहित ठाकुर ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में केवल रत्नाड़ी पंचायत में ही 5 सडक़ों की पासिंग हुई है और 6 करोड़ 74 लाख रुपए की लागत से बनने वाली 6 किलोमीटर लंबी बनाड़ीगाड़ से सुन्दर नगर सडक़ को वित्त पोषण के लिए नाबार्ड को भेज दिया गया है। इसके अतिरिक्त जल शक्ति विभाग के अधीन 3 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से 25 अलग अलग परियोजनाएं निर्माणाधीन है। साथ ही 1 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन घनासिधार से बागी रत्नाड़ी और क्यारवी पंचायत पेयजल योजना को शीघ्र पूरा कर दिया जाएगा।

शिक्षा के क्षेत्र में हुई अभूतपूर्व प्रगति
रोहित ठाकुर ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में भी हिमाचल लगातार प्रगति कर रहा है, जिसके परिणामस्वरुप एएसएआर की रिपोर्ट में हिमाचल पूरे भारत में पहले स्थान पर पहुंच गया है और पिछले दिनों एनएएस के सर्वे में भी हिमाचल 21 वें स्थान से 5 वें स्थान पर पहुंच गया है, जो हिमाचल के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसका श्रेय प्रदेश के शिक्षकों को दिया। रोहित ठाकुर ने आगामी सेब सीजन के मद्देनजर उपमंडलाधिकारी कोटखाई सहित लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग और अन्य सभी अहम विभागों के शीर्ष अधिकारियों को आने वाले सेब सीजन के मद्देनजर व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।


| All Rights Reserved | Website By :