शिक्षा मंत्री ने की वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह में की शिरकत
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज को कोटखाई (उबादेश) क्षेत्र के बघाल में रॉयल स्पोर्ट्स क्लब बघाल द्वारा आयोजित स्व. नरिंदर पुंटा मेमोरियल वॉलीबाल टूर्नामेंट के समापन समारोह में बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत में रोहित ठाकुर ने फाइनल में पहुंची टीमों के खिलाडिय़ों से मुलाकात की और अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनायें दीं। उन्होंने बताया कि वह निजी रूप से खेलों के समर्थक है और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते रहते हैं। युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेल अपनी एक अलग भूमिका निभाते है और उन्हें नशे से भी दूर रखते है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि उबादेश क्षेत्र और क्यारवी पंचायत से उनका एक विशेष संबंध है और उनके वर्तमान कार्यकाल में यहां अभूतपूर्व विकास हुआ है। जहा कलबोग उपमंडल के तहत 15 सडक़ों की पासिंग हुई है, वहीं शिक्षा विभाग के अधीन कलबोग और बघाल में स्कूल के भवन निर्माणाधीन हैं जिनके निर्माण कार्य जल्द ही पूरे कर लिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जल शक्ति विभाग के अधीन 2 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से 18 अलग अलग परियोजनाएं निर्माणाधीन है और 80 प्रतिशत परियोजनाएं पूरी हो चुकी है। साथ ही 1 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन घनासिधार से बागी रत्नाड़ी और क्यारवी पंचायत पेयजल योजना को शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। कोटखाई, क्यारी व बाघी क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था और वोल्टेज के सुधार के लिए 400 केवी सब स्टेशन गुम्मा से हुल्ली के बीच 66 केवी लाइन का निर्माण युद्घस्तर पर जारी है। रोहित ठाकुर ने स्थानीय युवक मंडल को 50, हजार रुपए देने की घोषणा भी की।

खारला में क्रिकेट खेल कूद प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
रोहित ठाकुर नावर क्षेत्र के तहत रूद्र देवता क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में बतौर मुख्यतिथि शामिल हुए। उन्होंने बताया कि उनके वर्तमान कार्यकाल के दौरान नावर क्षेत्र में बहुमुखी विकास हुआ है जिसके अंतर्गत 75 करोड़ रूपए की राशि से 10 सडक़ों का निर्माण कार्य और 20 करोड़ रूपए की राशि से विभिन्न शिक्षण संस्थानों के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं इसमें से लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि राजकीय उच्च विद्यालय खारला के भवन के लिए 4 करोड़ 31 लाख रुपए की राशि की प्रशासनिक स्वीकृति और वित्तीय अनुमोदन प्राप्त हो चुका है। उन्होंने स्थानीय नवयुवक मण्डल को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

शिक्षा मंत्री ने जापान के दौरे पर जाने वाले छात्रों से किया संवाद
रोहित ठाकुर ने बाघी स्थित रुट कंट्री स्कूल में पहुंच कर संस्थान के विद्यार्थियों और शिक्षकों से मुलाकात की। गौरतलब है कि इस विद्यालय के 20 विद्यार्थियों की कराटे टीम जिनमें 6 लड़कियां और 14 लडक़े शामिल हैं, जापान के ओसाका हिमीजी शहर में 100वीं शिगोकान एनिवर्सरी व अल जापान इंटरनेशनल फ्रेंडशिप कराटे प्रतियोगिता-2025 में भाग लेने जाएगी। इस अवसर पर रूट कंट्री स्कूल के संस्थापक सुनील रोहटा और प्रधानाचार्या कृति रोहटा और टीम मैनेजर सैनसाईं प्रताप सिंह पंवार ने रोहित ठाकुर का आभार प्रकट किया और सभी प्रतिभागियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।



| All Rights Reserved | Website By :