हिमाचल आजकल
शिमला। सेब उत्पादकों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर सेब के बगीचों में तेजी से फैल रही एक नई बीमारी से अवगत करवाया। इस बीमारी से उनकी फसलों को काफी नुकसान हो रहा है। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से इस बीमारी की वैज्ञानिक जांच व नियंत्रण के लिए शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया। बागवानों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस बीमारी के कारण सेब के पत्ते पीले पड़ रहे हैं और समय से पहले ही गिरने लगे हैं, जिससे सेब की पैदावार में भारी गिरावट आ रही है।
मुख्यमंत्री ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए डा. वाईएस परमार औद्यानिकी व वानिकी विश्वविद्यालय नौणी, जिला सोलन के कुलपति से दूरभाष पर बात की और विश्वविद्यालय की विशेषज्ञ टीमों को अविलम्ब प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस बीमारी की वैज्ञानिक जांच की जाए और बागवानों को जमीनी स्तर पर रोकथाम एवं नियंत्रण उपायों बारे शिक्षित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह बीमारी तेजी से फैल रही है तथा बागवानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस स्थिति से यथाशीघ्र निपटना जरूरी है। उन्होंने कुलपति को सात दिनों के भीतर प्रदेश सरकार को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि यथाशीघ्र उचित कदम उठाए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने रहस्यमयी सेब रोग की वैज्ञानिक जांच के निर्देश दिए
Get in Touch


| All Rights Reserved | Website By :