हिमाचल आजकल
शिमला। विश्व बैंक की सामाजिक टीम ने आज शिमला जल प्रबंधन परियोजना का निरीक्षण करते हुए माशोबरा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान टीम ने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और शिमला जल प्रबंधन निगम व उसके तकनीकी साझेदार SUEZ द्वारा दी जा रही जल सेवाओं की स्थिति का जायज़ा लिया।
सेवाओं में लगातार सुधार
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि जलापूर्ति व्यवस्था पहले की तुलना में बेहतर हुई है। हालांकि अभी यह व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू नहीं हुई है, लेकिन नई पाइपलाइन और नए टैंकों के निर्माण के बाद इसमें और उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद जताई गई है। नागरिकों ने माना कि पहले के मुकाबले अब पानी अपेक्षाकृत समय पर और बेहतर दबाव में मिल रहा है।
SUEZ के जनसंपर्क अधिकारी राहुल शर्मा ने जानकारी दी कि “जलापूर्ति को चरणबद्ध तरीके से सुधारा जा रहा है। नई पाइपलाइन और जलाशयों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जैसे-जैसे यह कार्य पूर्ण होंगे, आपूर्ति और भी सुचारू हो जाएगी।
स्थानीय लोगों की भागीदारी
माशोबरा के निवासियों ने परियोजना पर विश्वास जताते हुए कहा कि वे 24×7 जलापूर्ति परियोजना को लेकर आशान्वित हैं और इसे सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देंगे। उनका मानना है कि यह परियोजना शिमला के जल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में एक मजबूत कदम है।
टीम ने सराहा स्थानीय संवाद
विश्व बैंक की टीम ने स्थानीय समुदाय की भागीदारी और प्रतिक्रिया को परियोजना के सामाजिक पक्ष की दृष्टि से अत्यंत सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी सार्वजनिक सेवा परियोजना की सफलता में उपभोक्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद अहम होती है, और शिमला इसका उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है


| All Rights Reserved | Website By :