Monday, January 12, 2026

मणिमहेश तीर्थयात्रियों के लिए चलाया गया बचाव अभियान सफलतापूर्वक संपन्न


अंतिम दिन चार उड़ानों से 64 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया

हिमाचल आजकल

शिमला। चंबा जिला प्रशासन द्वारा भरमौर में फंसे मणिमहेश यात्रा के श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के लिए चलाया गया अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है।
इस क्रम में आज भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर एमआई-17 से भरमौर से चंबा के लिए चार उड़ानों में 64 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। सुबह 8 बजे शुरू हुआ यह अभियान दोपहर 12ः30 बजे तक चला। सुरक्षित निकाले गए सभी तीर्थयात्रियों को चंबा से नियमित अंतराल पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों के माध्यम से उनके गंतव्यों के लिए निःशुल्क भेज दिया गया है। इसके साथ ही, दो शव भी भरमौर से चंबा लाए गए। दो दिन की अवधि के दौरान कुल 588 व्यक्तियों को भरमौर से चंबा तक एयरलिफ्ट किया गया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सफलतापूर्वक चलाए गए बचाव अभियान के लिए जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, चंबा पुलिस, होमगार्ड, गैर सरकारी संगठनों और लोगों के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि चंबा के लोगों ने ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना का परिचय दिया। मानवता का परिचय देते हुए लोगों ने भरमौर और रास्ते में लोगों के लिए लंगर का आयोजन किया।
मुख्यमंत्री ने इस अभियान का नेतृत्व कर रहे राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की भी सराहना की। राजस्व मंत्री तीर्थयात्रियों की सफलतापूर्वक वापसी सुनिश्चित करने के लिए कई दिनों से भरमौर में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि जगत सिंह नेगी स्वेच्छा से चंबा से पैदल चलकर भरमौर पहुंचे और प्रत्येक फंसे हुए यात्री को सुरक्षित निकालना सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ लोगों की सुरक्षा की प्रतिबद्धता को पूरा कर रही है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles