हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के अथक प्रयासों से कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय को स्वीकृति मिली है। इस उपलब्धि को भाजपा के स्वयम्भू नेता और कार्यकर्ता पचा नहीं पा रहे हैं। यह बात युवा कांग्रेस जुब्बल नावर कोटखाई के अध्यक्ष दीपक काल्टा, युवा कांग्रेस कोटखाई के अध्यक्ष अतुल चौहान, युवा कांग्रेस जुब्बल के अध्यक्ष विक्रांत सिथटा, युवा कांग्रेस के महासचिव अमन चौहान, नगर पंचायत जुब्बल के युवा कांग्रेस के अध्यक्ष तुषार गुप्ता व पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जब से केंद्रीय विद्यालय कोटखाई की आधिकारिक घोषणा हुई हैं तब से भाजपा सोशल मीडिया पर अनाप शनाप टिप्पणियां कर रही हैं। युवा कांग्रेस ने कहा कि कोटखाई का केंद्रीय विद्यालय शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के प्रयासों का परिणाम है। भाजपा इसकी चिंता करने के बजाय जनता को जवाब दे कि वर्ष 2016 में तत्कालीन केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री महेंद्र नाथ पाडेय ने जुब्बल की धार पंचायत का दौरा कर धार गांव में केंद्रीय विद्यालय खोलने की घोषणा की थी।
युवा कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया कि रोहित ठाकुर के प्रयासों से जो विकासात्मक कार्य पर हो रहे है, भाजपा उसका स्वागत करने की बजाय हमेशा झूठा श्रेय लेने का असपफल प्रयास करती है। अब भाजपा कोटखाई के केंद्रीय विद्यालय में सांसद की भूमिका बता रही है । उन्होंने कहा कि सुरेश कश्यप वर्ष 2019 से सांसद हैं। पूर्व भाजपा कार्यकाल में डबल इंजन की सरकार थी तब सुरेश कश्यप ने सिरमौर जिले में केंद्रीय विद्यालय क्यों नही खोला। युवा कांग्रेस ने कहा कि कोटखाई और पांवटा साहिब में केंद्रीय विद्यालय शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की मेहनत और पहल से ही स्वीकृत हुए हैं।


| All Rights Reserved | Website By :