Tuesday, September 15, 2026

हिमाचल में दिसंबर में  आयोजित होंगी 3 राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएंं : रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री ने जुब्बल में किया राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि दिसंबर महीने में हिमाचल में 3 राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएंं करवाई जाएगी जिसके लिए 1 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जा चुके है। इन प्रतियोगिताओं में देश के 36 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों से खिलाड़ी भाग लेंगे।  इसमें अंडर.14 छात्र वर्ग (वॉलीबॉल) अंडर.19 छात्र (हेंड बॉल व कबड्डी) की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। रोहित ठाकुर ने आज  ठाकुर राम लाल स्वर्ण जयंती राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल में आयोजित छात्राओं की राज्य स्तरीय अंडर14 खेल कूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 12 जिला और एक खेल छात्रावास सहित कुल 507 छात्राएं भाग ले रही हैं और इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल,कबड्डी, खो.खो, बैडमिंटन और टेबल टेनिस खेल स्पर्धाएं हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के विषय में गंभीर है और इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। पूरे प्रदेश भर में 9 खेल छात्रावास है जहाँ पूरे प्रदेश भर से खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहें है।

ठाकुर रामलाल का भी खेलों से था एक अटूट संबंध
शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल के  बारे में बताया कि यह संस्थान एक पुराना और प्रतिष्ठित संस्थान है जहां से कई प्रतिभाशाली छात्रों ने शिक्षा ग्रहण की जिन्होंने अलग अलग विषयों में प्रदेश और देश में ख्याति अर्जित कर जुब्बल और इस संस्थान का नाम रोशन किया। इनमें से एक नाम उनके दादा ठाकुर रामलाल का नाम भी आता है जो न केवल 9 बार लगातार अभिजीत जुब्बल कोटखाई के विधायक रहे बल्कि 3 बार प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल रहे। इसके अतिरिक्त, वह पहले ऐसे राजनेता थे जो हिमाचल से बाहर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल रहे। शिक्षा मंत्री ने बताया कि ठाकुर रामलाल का भी खेलों से एक अटूट सम्बन्ध था और वह पढ़ाई के साथ साथ खेलों में भी सदैव अग्रणी रहते थे।


आईटीआई जुब्बल का भवन नवंबर माह में किया जाएगा जनता को समर्पित
शिक्षा मंत्री ने  बताया कि जुब्बल में इस समय शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति हो रही है। जुब्बल के डकैढ़ गांव में 17 करोड़ रुपए की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान बनने जा रहा है जो इस क्षेत्र का एक बड़ा और अहम संस्थान होगा। साथ ही आईटीआई जुब्बल के भवन को भी नवंबर माह में जनता को समर्पित किया जाएगा जिससे की तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी छात्रों को बेहतरीन शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles