हिमाचल आजकल
शिमला। लाहौल-स्पीति के प्रवास के दौरान वीरवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्रसिद्ध त्रिलोकीनाथ मंदिर और मृकुला देवी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
उसके बाद शिक्षा मंत्री ने उदयपुर एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, कुकुमसेरी का दौरा किया और विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, पढ़ाई के स्तर और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और साथ ही, संबंधित अधिकारियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।
उदयपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री के समक्ष शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया। इसके अतिरिक्त शिक्षा मंत्री ने सीमा सड़क संगठन की 94 आरसीसी के अधिकारी मेजर पारस कोचर से मुलाकात की। इस दौरान संसारी-किलाड़-तिंदी-तांदी (एसकेटीटी) सड़क से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।


| All Rights Reserved | Website By :