Saturday, October 31, 2026

बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती तूफान का हिमाचल में असर,4 जिलों में येलो अलर्ट 2 से 4 डिग्री गिरेगा तापमान।

हिमाचल आजकल

शिमला। हिमाचल में मौसम करवट लेने वाला है। 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम में बदलाव उपरी क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट से प्रदेश में ठंड बढ़ने की संभावना है। प्रदेश में मौसम में यें बदलाव मुख्य रूप से बंगाल की खाड़ी से चले चक्रवाती तूफान से आ रहा है जिसका असर दो से तीन दिनों के दौरान देखने को मिलेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है और धूप खिल रही है। 29 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है, जो 31 अक्टूबर की दोपहर तक जारी रह सकती हैं। इसके बाद 1 नवंबर से फिर धूप खिलने के आसार हैं। सिरमौर, सोलन, शिमला, कुल्लू, मंडी और किन्नौर के कुछ क्षेत्रों में 29 और 30 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि स्पीति सहित किन्नौर और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान है, जिसका हिमाचल प्रदेश पर अप्रत्यक्ष प्रभाव पड़ेगा। यह तूफान आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था, जहां 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गईं। इसके बाद तूफान कमजोर होते हुए छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ा। शोभित कटियार ने कहा कि प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां मुख्य रूप से इसी चक्रवाती तूफान के अप्रत्यक्ष प्रभाव से होंगी, न कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण।
गरज-चमक की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने शिमला, सिरमौर, कुल्लू और मंडी जिलों के लिए दो दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, यह अलर्ट भारी बारिश या भारी बर्फबारी को लेकर नहीं है। इन जिलों में बारिश के दौरान आंधी-तूफान और बिजली चमकने की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के निचले मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री, जबकि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 18 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है, जबकि 1 नवंबर से तापमान फिर बढ़ने के आसार हैं। वहीं, मानसून की विदाई के बाद 1 से 28 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। शोभित कटियार के अनुसार, इस अवधि में प्रदेश में सामान्य बारिश 24.6 मिलीमीटर रहती है, जबकि इस साल अब तक 28.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles