विशेष अभियान के तहत 254 एकांत स्थलों का निरीक्षण किया
हिमाचल आजकल
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा शुक्रवार को राज्य स्तर पर एक विशेषए सुनियोजित व सघन अभियान संचालित किया गया। यह अभियान प्रदेश सरकार द्वारा 15 नवंबर से शुरू किए गए राज्यव्यापी एंटी-चिट्टा जन-आंदोलन के तहत चिट्टा-मुक्त हिमाचल के संकल्प को और अधिक मजबूत करने के दृष्टिगत चलाया गया है। इस अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में चिन्हित एकांत एवं अर्ध.सार्वजनिक स्थलों जैसे सुनसान पहाड़ी ढलानें, जंगलों के हिस्से, खाली भवन, कमरे, पार्किंग स्थल, नदी-नाले के किनारे, पुराने बस-स्टैंड व गैराज शेड का व्यापक निरीक्षण और गहन तलाशी की गई।

इस राज्य स्तरीय अभियान के दौरान प्रदेश भर में कुल 254 निर्जन एवं अर्ध सार्वजनिक स्थलों का पुलिस द्वारा आकस्मिक व सघन निरीक्षण किया गया और 596 वाहनों की तलाशी ली गई। यह अभियान सभी पुलिस रेंजों में समान रूप से प्रभावी ढंग से संचालित किया गयाए जिससे इस अभियान का महत्त्व स्पष्ट होता है। इसके तहत दक्षिणी रेंज में सोलन किन्नौर, सिरमौर, बद्दी-बरोटीवाला व नालागढ़ क्षेत्र में व्यापक तलाशी ली गई। केंद्रीय रेंज में मंडी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, हमीरपुर व बिलासपुर जिलों में सघन निरीक्षण किया गया। जबकि उत्तरी रेंज में कांगड़ा, नूरपुर, देहरा, चंबा और ऊना जिलों में चिन्हित स्थलों पर विशेष कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान 301 व्यक्तियों की जांच व काउंसलिंग की गई, जिनमें से नौ व्यक्तियों के रक्त व मूत्र के नमूने सुरक्षित किए गए। एनडीपीएस अधिनियम व अन्य विधिक प्रावधानों के अंतर्गत नौ आपराधिक मामले दर्ज किए गए।


| All Rights Reserved | Website By :