हिमाचल आजकल
शिमला। जुब्बल–नावर–कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। क्षेत्र की जनता ने शायद कभी कल्पना भी नहीं की थी कि जुब्बल–नावर–कोटखाई जैसे पहाड़ी क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय जैसा संस्थान स्थापित होगा। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के अथक प्रयासों, दूरदर्शी सोच और निरंतर पहल से यह सपना आज साकार हो गया है।
केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार केंद्रीय विद्यालय, कोटखाई (जिला शिमला) को शैक्षणिक सत्र 2026–27 से प्रारंभ करने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह निर्णय जुब्बल–नावर–कोटखाई क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

जारी आदेश के अनुसार केंद्रीय विद्यालय, कोटखाई को प्रारंभिक चरण में बालवाटिका से कक्षा पाँचवीं तक शुरू किया जाएगा। इसके बाद आवश्यकता और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार विद्यालय का क्रमिक विस्तार किया जाएगा, जिससे भविष्य में क्षेत्र के विद्यार्थियों को और अधिक शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी।
केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से अब क्षेत्र के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने ही क्षेत्र में प्राप्त होगी। इससे न केवल विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, बल्कि अभिभावकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल–नावर–कोटखाई के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा ने कहा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के प्रयासों से केंद्रीय विद्यालय, कोटखाई की स्वीकृति मिलना क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि के साथ-2 सपने को साकार होने जैसा है। यह संस्थान आने वाले समय में हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और पूरे क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार व्यक्त किया हैं और साथ ही जुब्बल-नावर-कोटखाई की जनता को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी हैं।


| All Rights Reserved | Website By :