Saturday, August 1, 2026

पार्टी विरोधी गतिविधियों पर भाजपा की बड़ी कार्रवाई, दो नेताओं को 6 वर्षों के लिए किया निलंबित

अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने और पार्टी विरोधी कार्य करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई

हिमाचल आजकल

शिमला। हिमाचल भाजपा ने पंचायतीराज व नगर निकाय चुनावों में पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए नेताओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों के लिए गठित अनुशासन समिति को नालागढ़-पंजेहरा मंडल से जिला परिषद चुनाव में किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर द्वारा पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ने और किसान मोर्चा जिला प्रवक्ता श्री अमित राणा के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायत प्राप्त हुई थी।

अनुशासन समिति ने शिकायतों पर गंभीरता से विचार-विमर्श करने के उपरांत इसे अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की।

समिति की अनुशंसा के आधार पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए नालागढ़ के वार्ड नंबर-14 दनोटा से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ने पर किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर और चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने पर किसान मोर्चा जिला प्रवक्ता अमित राणा को उनके दायित्वों से मुक्त करते हुए पार्टी से 6 वर्षों के लिए निलंबित कर दिया है।

भाजपा ने स्पष्ट किया है कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles