गुलाब सिंह चौहान का जौनसार-बावर और चकराता के विकास में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा: रोहित ठाकुर
हिमाचल आजकल
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के तियूणी में स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान की 100वीं जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने स्व. गुलाब सिंह चौहान को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान कांग्रेस के वरिष्ठ एवं कद्दावर नेता थे, जिन्होंने जौनसार-बावर तथा चकराता विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनहित के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लिए स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान का योगदान अविस्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियां भी उनके कार्यों को याद रखेंगी।
शिक्षा मंत्री ने इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता स्वर्गीय ठाकुर राम लाल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान की तरह ही स्वर्गीय ठाकुर राम लाल ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र का लगातार आठ बार अजेय प्रतिनिधित्व किया। दोनों नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और विकास संबंधी चुनौतियों के बावजूद जनता के हित में महत्वपूर्ण कार्य किए।
उन्होंने कहा कि जुब्बल-कोटखाई और जौनसार-बावर क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत के स्तर पर भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों क्षेत्रों के लोगों की आस्था हनोल स्थित महासू देवता में है और महासू देवता को दोनों क्षेत्रों के लोग पूरी श्रद्धा एवं आस्था के साथ पूजते हैं।

रोहित ठाकुर ने कहा कि तत्कालीन समय में जौनसार-बावर क्षेत्र विकास की दृष्टि से काफी पिछड़ा हुआ था और जुब्बल-कोटखाई की परिस्थितियां भी लगभग ऐसी ही थीं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में जौनसार-बावर क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा दिलाने के लिए किया गया उनका महत्वपूर्ण प्रयास शामिल है। इस दर्जे से क्षेत्र के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने और आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस निर्णय के सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान के पुत्र एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह चौहान ने भी अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है तथा कई बार चकराता विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा कि प्रीतम सिंह चौहान के साथ उनके पारिवारिक एवं प्रेमपूर्ण संबंध हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में प्रीतम सिंह चौहान उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और महत्वपूर्ण पद पर सुशोभित होंगे।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड के विधायकगण, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्य एवं पदाधिकारी, वरिष्ठ एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता तथा विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


| All Rights Reserved | Website By :