Saturday, August 1, 2026

पंचायत समिति कोटखाई में कांग्रेस का कब्ज़ा, विजय राजटा अध्यक्षा व सुनील राजटा उपाध्यक्ष बनें

हिमाचल आजकल

शिमला। जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने पंचायत समिति कोटखाई के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर बहुमत के साथ विजय हासिल कर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। विकास खंड कोटखाई के गठन के बाद पहली बार हुए पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने दोनों शीर्ष पदों पर जीत दर्ज की। चुनाव प्रक्रिया वीरवार को मिनी सचिवालय कोटखाई में एसडीएम कोटखाई अभिषेक बरवाल की देखरेख में संपन्न हुई।

पंचायत समिति कोटखाई के अध्यक्ष पद के लिए गुम्मा-बखोल वार्ड से कांग्रेस समर्थित सदस्या विजय राजटा व उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित सदस्य सुनील राजटा निर्वाचित हुए।

विजय राजटा ग्राम पंचायत गुम्मा से संबंध रखती हैं और कृषि से सेवानिवृत्त हुई हैं। वहीं सुनील राजटा कोटखाई क्षेत्र की सबसे बड़ी पंचायत कलबोग़ से संबंध रखते हैं और कांग्रेस पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ समाजसेवी के रूप में क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं।

चुनाव सम्पन्न होने के उपरांत नवनिर्वाचित अध्यक्षा विजय राजटा, उपाध्यक्ष सुनील राजटा व अन्य निर्वाचित सदस्यों ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।

रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में पंचायत चुनावों में कांग्रेस को मिली प्रचंड जीत गत साढ़े तीन वर्षों के विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता की स्पष्ट मुहर है। उन्होंने कहा कि जुब्बल-कोटखाई की तीनों जिला परिषद सीटों पर कांग्रेस ने विजय प्राप्त की है। पंचायत समिति जुब्बल की सभी 15 सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे हैं जबकि पंचायत समिति कोटखाई में कांग्रेस समर्थित सदस्यों ने दो-तिहाई बहुमत के बल पर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज की है। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत जुब्बल में भी 15 वर्षों बाद कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने 7 में से 6 सीटों पर जीत हासिल कर नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में लगभग 80 प्रतिशत प्रधान एवं उपप्रधान पदों पर कांग्रेस विचारधारा से जुड़े प्रतिनिधि निर्वाचित हुए हैं।

रोहित ठाकुर ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं, लेकिन पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में इतनी एकतरफा एवं प्रचंड जीत उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने इस ऐतिहासिक विजय का श्रेय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्पण, संगठन की मजबूती तथा क्षेत्र की जागरूक एवं प्रबुद्ध जनता के आशीर्वाद को दिया।

उन्होंने सभी पंचायत समिति सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि गुम्मा, जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र का प्रवेश द्वार है तथा विकास खंड कोटखाई के गठन के बाद कांग्रेस पार्टी ने पंचायत समिति कोटखाई में गुम्मा-बखोल वार्ड की सदस्या को पहला अध्यक्ष चुनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की सशक्त आधारशिला हैं तथा प्रदेश सरकार पंचायत समितियों के माध्यम से क्षेत्र के विकास कार्यों को और अधिक गति देने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

जुब्बल-नावर-कोटखाई प्रदेश का पहला ऐसा विधानसभा क्षेत्र बन गया है, जहां तीनों पंचायत समितियों—जुब्बल, कोटखाई एवं रोहड़ू—में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं वे सभी जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति वार्ड से चुनकर आएं हैं।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles