Saturday, August 1, 2026

नगर पंचायत जुब्बल में कांग्रेस की ऐतिहासिक वापसी, अनिता चौहान निर्विरोध चेयरमैन व राजेश तेजटा निर्विरोध वाइस चेयरमैन निर्वाचित

हिमाचल आजकल

शिमला। नगर पंचायत जुब्बल में चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन दोनों पदों पर कांग्रेस पार्टी ने निर्विरोध विजय प्राप्त कर 15 वर्षों बाद नगर पंचायत पर पुनः अपना कब्ज़ा स्थापित किया है। चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन के चुनाव की प्रक्रिया शुक्रवार को पंचायत समिति सभागार, जुब्बल में एसडीएम जुब्बल श्री गुरमीत सिंह नेगी तथा नगर पंचायत जुब्बल के सचिव की देखरेख में संपन्न हुई।

चेयरमैन पद के लिए पोस्ट ऑफिस वार्ड से कांग्रेस समर्थित पार्षद अनिता चौहान व वाइस चेयरमैन पद के लिए फॉरेस्ट कॉलोनी वार्ड से कांग्रेस समर्थित पार्षद राजेश तेजटा निर्विरोध निर्वाचित हुए।

अनिता चौहान चार बार नगर पंचायत की पार्षद रह चुकी हैं। वर्तमान में वे महिला कांग्रेस ब्लॉक जुब्बल की अध्यक्षा हैं तथा एक सक्रिय समाजसेवी के रूप में क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान है। वहीं श्री राजेश तेजटा व्यापार मंडल जुब्बल के अध्यक्ष हैं तथा कांग्रेस पार्टी के सक्रिय एवं ऊर्जावान कार्यकर्ता होने के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं।

नगर पंचायत जुब्बल के चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन के निर्वाचन के उपरांत चेयरमैन अनिता चौहान, वाइस चेयरमैन राजेश तेजटा और अन्य निर्वाचित पार्षदों ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई में पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को मिली प्रचंड सफलता गत साढ़े तीन वर्षों के विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता की स्पष्ट मुहर है।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत जुब्बल में 15 वर्षों बाद कांग्रेस समर्थित चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन निर्वाचित हुए हैं। नगर पंचायत जुब्बल के चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने 7 में से 6 वार्डों में विजय प्राप्त कर नया इतिहास रचा है। इसी प्रकार विकास खंड जुब्बल की पंचायत समिति की सभी 15 सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए हैं तथा वर्ष 2021 में गठित विकास खंड कोटखाई में भी पंचायत समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार निर्वाचित हुए हैं, जो अपने आप में एक नया कीर्तिमान है।

उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में लगभग 80 प्रतिशत प्रधान एवं उपप्रधान पदों पर कांग्रेस विचारधारा से जुड़े प्रतिनिधि निर्वाचित हुए हैं। इसके अतिरिक्त जुब्बल-कोटखाई की तीनों जिला परिषद सीटों पर भी कांग्रेस ने विजय प्राप्त की है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं, लेकिन पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में इतनी एकतरफा एवं ऐतिहासिक जीत उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने इस अभूतपूर्व विजय का श्रेय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्पण, संगठन की मजबूती तथा क्षेत्र की जागरूक एवं प्रबुद्ध जनता के विश्वास एवं आशीर्वाद को दिया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नगर पंचायत जुब्बल के विकास कार्यों को और अधिक गति देने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी तथा क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष जितेंद्र मैहता, ग्राम पंचायत शिली के पूर्व प्रधान लोकिन्दर चौहान, नगर पंचायत जुब्बल चुनाव प्रबंधन समिति के प्रभारी यशोधर तान्टा, जिला परिषद वार्ड बढ़ाल चुनाव प्रबंधन समिति के प्रभारी राकेश शरखोली, नगर पंचायत जुब्बल के पूर्व पार्षद, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles