हिमाचल आजकल
शिमला। नीट-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के निर्देशों पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) मुख्यालय ने सभी इकाई अधिकारियों को पत्र जारी कर 20 से 22 जून तक नीट अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश के अनेक विद्यार्थी दूरदराज क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परिवहन संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि विद्यार्थी बिना किसी अतिरिक्त चिंता और आर्थिक बोझ के तनावमुक्त होकर परीक्षा में शामिल हो सकें।
एचआरटीसी के निर्देशों के अनुसार यह सुविधा निगम की साधारण बसों में उपलब्ध होगी। अभ्यर्थी अपने नीट एडमिट कार्ड के आधार पर अपने निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक एक बार जाने और एक बार वापस लौटने की निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। एडमिट कार्ड ही उनकी पहचान, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र के प्रमाण के रूप में मान्य होगा।
उपमुख्यमंत्री ने सभी नीट अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम रोशन करेंगे।


| All Rights Reserved | Website By :