Saturday, August 1, 2026

महिला नेतृत्व से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा : रोहित ठाकुर

हिमाचल आजकल

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज कोटखाई क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुम्मा में खंड विकास समिति (कोटखाई) की नवनिर्वाचित अध्यक्षा विजय राजटा व स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित जन आभार समारोह की अध्यक्षता की।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने विजय राजटा को खंड विकास समिति की प्रथम अध्यक्षा बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि विजय राजटा निश्चित रूप से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

रोहित ठाकुर ने कहा कि हाल ही में संपन्न पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में महिला शक्ति का प्रभावशाली उदय देखने को मिला है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि तीनों जिला परिषद सीटों पर महिलाओं ने विजय हासिल की है। इसके अलावा विजय राजटा खंड विकास समिति कोटखाई की प्रथम अध्यक्षा बनी हैं, नगर पंचायत जुब्बल की अध्यक्षा अनीता चौहान तथा खंड विकास समिति जुब्बल की अध्यक्षा कमलेश झगटा भी निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने कहा कि अनेक पंचायतों में भी महिलाओं ने प्रधान एवं उपप्रधान पदों पर जीत दर्ज कर समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि गुम्मा आज उबादेश, पुडग, बलसन तथा हिमरी क्षेत्रों का एक प्रमुख बाजार एवं केंद्र बिंदु बनकर उभरा है। इसी दृष्टिकोण से यहां सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुम्मा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्तरोन्नत किया गया है तथा इस स्वास्थ्य संस्थान तक जाने वाली सड़क को शीघ्र ही पक्का किया जाएगा, जिस पर लगभग 9 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रगतिनगर स्थित तकनीकी शिक्षा संस्थान क्षेत्र का सबसे बड़ा तकनीकी शिक्षण संस्थान है, जहां लगभग 1200 विद्यार्थी विभिन्न व्यावसायिक एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों में अध्ययन कर रहे हैं। संस्थान के व्यापक उन्नयन के लिए 110 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति एवं वित्तीय अनुमोदन प्राप्त हुआ है, जिसमें वर्ष 2023 में 46 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी शामिल है। उन्होंने बताया कि संस्थान में रोजगारोन्मुखी नए पाठ्यक्रम भी आरंभ किए गए हैं तथा आईटीआई भवन, छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुम्मा के नए भवनों का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिन्हें शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा।

रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार सकारात्मक सोच के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में केवल लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ही लगभग 550 करोड़ रुपये के विकास कार्य विभिन्न चरणों में चल रहे हैं, जिनमें सड़क एवं भवन निर्माण की अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों के विकास कार्यों में भी यह विधानसभा क्षेत्र प्रदेश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल है।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष जितेंद्र महैता, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता गुमान सिंह चौहान, जिला परिषद सदस्य रेखा चौहान, जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी मांजटा, पंचायत समिति के उपाध्यक्ष सुनील राजटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा, नायब तहसीलदार कोटखाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

             

Get in Touch

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles